PM Modi in Varanasi LIVE: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर हैं। पीएम मोदी सुबह 10.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। जहां, सीएम योगी ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 2200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। पिछले 11 वर्ष में दुनिया के चार दर्जन से अधिक देशों ने अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रधानमंत्री को समर्पित किया है। लोक कल्याण के लिए, विश्व कल्याण के लिए उनकी दूर दर्शिता का लोहा पूरी दुनिया मानती है…यह हमारा सौभाग्य है कि देश की संसद में प्रधानमंत्री इस काशी का प्रतिनिधित्व करते हैं।’
यह भी पढ़ें- ‘हम साबित कर देंगे-लोकसभा चुनाव में कैसे धांधली हुई,’ Legal Conclave में बोले राहुल गांधी
पीएम मोदी ने वाराणसी में संबोधन के दौरान कहा- ‘आज हम काशी से देश भर के लाखों किसानों से जुड़े हुए हैं, सावन का महीना हो, काशी जैसा पवित्र स्थान हो और देश के किसानों से जुड़ने का अवसर हो इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं, जब 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, 26 निर्दोष लोगों की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी गई… मेरा हृदय बहुत तकलीफ से भर गया था। तब मैं बाबा विश्वनाथ से यही मना रहा था कि सभी पीड़ित परिवारों को ये दुख सहने की हिम्मत दें… मैंने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था वह भी पूरा हुआ है। ये महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है।
ऑपरेशन सिंदूर जवानों के पराक्रम का वह पल और आज किसानों को प्रणाम करने का अवसर। आज यहां एक विराट किसान उत्सव का आयोजन हो रहा है। देश के 10 करोड़ किसान भाई-बहनों के खातों में 21 हजार करोड़ रुपये PM किसान सम्मान निधि के रूप में भेजे गए हैं और जब काशी से धन जाता है तो वह अपने आप प्रसाद बन जाता है।
कुछ दिनों पहले मैं तमिलनाडु में था, मैं वहां 1000 साल पुराने एक ऐतिहासिक मंदिर गया था जिसे महान राजा राजेंद्र चोल ने बनवाया था। राजेंद्र चोल ने उत्तर भारत से गंगाजल लाकर उत्तर को दक्षिण से जोड़ा था… आज काशी तमिल संगमम जैसे प्रयासों के माध्यम से इसे आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास हो रहा है… देश की एकता की हर बात एक नई चेतना जगाती है और तभी ऑपरेशन सिंदूर सफल होता है। 140 करोड़ देशवासियों की एकता ही ऑपरेशन सिंदूर की ताकत बनती है।
हमारी सरकार निरंतर किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है। पहले की सरकारों में किसानों के नाम पर हुई एक घोषणा भी पूरी होना मुश्किल होता था लेकिन भाजपा सरकार जो कहती है वह करके दिखाती है। आज PM किसान सम्मान निधि सरकार के पक्के इरादों का उदाहरण बन चुकी है।’









