Bengaluru-Bound Bus fire accident: आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बेंगलुरु जा रही एक प्राइवेट बस सड़क हादसे के बाद आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। बस में करीब 40 यात्री और दो चालक सवार थे।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
यह वोल्वो बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। रास्ते में एक दोपहिया वाहन से टकराने के बाद बस में आग लग गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते बस धधक उठी। हादसे में बाइक सवार की भी मौके पर मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Breaking: तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद का चेहरा, मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार
बस से जुड़ी जानकारी
- बस ओडिशा में रजिस्टर्ड थी
- बस की उम्र: 7 साल 2 महीने
- फिटनेस वैधता: 31 मार्च 2027 तक
हादसे के चश्मदीदों की गवाही
सुर्या, जो इस हादसे में बच निकले, ने बताया कि आग लगभग रात 2:45 बजे लगी। उन्होंने कहा, ‘एक बाइक आई और कुछ हुआ, हमें ठीक से समझ नहीं आया। बाइक बस के नीचे चली गई, और तभी चिंगारियां निकलने लगीं। फिर आग फैल गई। जिसने उतरना था, वो किसी तरह उतर गया।’
पीछे का दरवाज़ा टूटा था, मैंने वहीं से छलांग लगाई’ हरिका, हादसे की सर्वाइवर
हरिका, जो बस में सफर कर रही थीं, हादसे के वक्त सोई हुई थीं। अचानक अफरातफरी के बीच उनकी आंख खुली तो देखा कि बस आग की लपटों में घिर चुकी है। सौभाग्य से, बस का पिछला दरवाज़ा टूटा हुआ था, जिससे वह कूदकर बाहर निकलने में कामयाब रहीं।
हरिका ने बताया, ‘जब मैं जागी, तब तक आग फैल चुकी थी। कुछ ही सेकंड में पूरी बस धधकने लगी। मैंने पीछे के टूटे दरवाजे से छलांग लगाई। इस दौरान मुझे चोटें भी आईं।’
यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उल्लिंदकोंडा (कुर्नूल जिला, आंध्र प्रदेश) के पास हुआ। बस में सवार ज्यादातर यात्री उस समय गहरी नींद में थे, जिससे वे बाहर निकल नहीं सके और आग ने कुछ ही पलों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।







