अयोध्या में राम मंदिर परिसर के बाहर एक युवक द्वारा नमाज पढ़े जाने की सूचना के बाद शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया। लोगों की शिकायत पर मौके पर मौजूद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद खुफिया एजेंसियां और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
एक्जिट गेट के पास हुई घटना
सूत्रों के अनुसार, युवक राम मंदिर के एक्जिट गेट के बाहर नमाज अदा कर रहा था। इस पर वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों ने स्थिति को संभाला और युवक को मौके से हिरासत में ले लिया।
शोपियां का रहने वाला बताया जा रहा युवक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिया गया युवक जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का निवासी है। उसकी पहचान अबू अहमद शेख के रूप में की जा रही है। बताया गया है कि मंदिर परिसर में तैनात एक वॉचर ने सबसे पहले संदिग्ध गतिविधि को नोटिस किया और अधिकारियों को जानकारी दी।

नारेबाजी का आरोप, जांच तेज
जानकारी यह भी सामने आई है कि जब सुरक्षा कर्मियों ने युवक को रोकने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने बिना देर किए उसे हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियां और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम राम मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक कब और कैसे वहां पहुंचा। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके इरादों की गहराई से जांच की जा रही है।
सभी पहलुओं से हो रही जांच
पुलिस का कहना है कि युवक दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में नमाज पढ़ रहा था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह वहां किस उद्देश्य से आया था और उसकी मंशा क्या थी। सुरक्षा के लिहाज से मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ओडिशा के राउरकेला में इंडिया वन एयर का विमान क्रैश
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले पर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।









