IND vs ENG: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत और इंग्लैंड के बीच जोरदार मुकाबला होने जा रहा है। यह मैच मुंबई के प्रसिद्ध वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसे में आज के मुकाबले में जीतने वाली टीम 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।
बारिश आई तो क्या होगा?
अगर भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला सेमीफाइनल किसी कारणवश, खासकर बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाता है, तो इसके लिए रिजर्व डे रखा गया है। इसका मतलब है कि यदि 5 मार्च को मैच नहीं हो सका तो इसे 6 मार्च को कराया जाएगा।
नॉकआउट मुकाबलों के लिए ICC ने पहले से ही रिजर्व डे की व्यवस्था की है, ताकि बारिश या अन्य कारणों से मैच प्रभावित होने पर भी परिणाम निकाला जा सके।

रिजर्व डे पर भी नहीं हुआ मैच तो?
अगर दुर्भाग्यवश रिजर्व डे के दिन भी बारिश के कारण मुकाबला नहीं हो पाता है, तो फाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला सुपर-8 चरण की अंक तालिका के आधार पर किया जाएगा।
सुपर-8 चरण में इंग्लैंड ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंक हासिल किए थे। वहीं भारत को तीन में से दो मैचों में जीत मिली थी। ऐसे में अगर सेमीफाइनल और रिजर्व डे दोनों दिन मैच नहीं हो पाया तो इंग्लैंड ज्यादा अंकों के कारण फाइनल में पहुंच जाएगा।
मौसम का क्या है हाल?
हालांकि भारतीय टीम और क्रिकेट प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि मुंबई में मैच के समय मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि मुकाबले के दौरान तापमान लगभग 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बारिश की आशंका बहुत कम है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरानी युद्धपोत ‘IRIS Dena’ को डुबोया, भारत की समुद्री रणनीति पर उठे सवाल
ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल का रोमांच बिना किसी बाधा के पूरा देखने को मिलेगा।









