उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. केंद्र सरकार के बाद अब यूपी सरकार ने भी अपने कर्मचारियों के डीए में इजाफा कर दिया है, जिससे लाखों कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी होगी.
राज्य सरकार के फैसले के मुताबिक सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता अब 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया गया है. यानी कर्मचारियों को 2 प्रतिशत अतिरिक्त डीए का लाभ मिलेगा. इस फैसले के बाद कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है.
जनवरी 2026 से मिलेगा बढ़े हुए DA का फायदा
वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा. इसका फायदा राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनभोगियों को भी मिलेगा.
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (वित्त) दीपक कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. माना जा रहा है कि जल्द ही कर्मचारियों के खातों में एरियर की राशि भी भेजी जा सकती है.
देर से आदेश आने पर बढ़ी थी हलचल
इस बार डीए बढ़ोतरी के आदेश में देरी होने की वजह से कर्मचारियों के बीच लगातार चर्चा चल रही थी. कर्मचारी संगठनों की ओर से भी सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग की जा रही थी. अब सरकार के ऐलान के बाद कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है.
यह भी पढ़ें: पुलवामा हमले से जुड़ा आतंकी पाकिस्तान में ढेर
8वें वेतन आयोग की मंजूरी से बढ़ी खुशी
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के साथ ही कर्मचारियों के लिए एक और राहत की खबर यह है कि केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग को लागू करने की मंजूरी भी दे दी है. ऐसे में आने वाले समय में वेतन और भत्तों में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.
सरकारी कर्मचारियों का मानना है कि डीए बढ़ोतरी और नए वेतन आयोग के फैसले से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी.









