ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन (ESGF) की बोर्ड मीटिंग 28 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से महाराष्ट्र सरकार में इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, एआई एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार को फेडरेशन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही फेडरेशन के विकास, आगामी योजनाओं और भारत में ई-स्पोर्ट्स के विकास को नई दिशा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ESGF के संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष अधिवक्ता नंदन झा और मानद चेयरपर्सन अशोक ध्यानचंद ने बोर्ड मीटिंग में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए आशीष शेलार के नाम का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का समर्थन ESGF के महासचिव गुरशरण सिंह ने किया। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों और राज्यों के प्रतिनिधि ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। इसके बाद आशीष शेलार को ESGF का अध्यक्ष नियुक्त कर लिया गया।
ESGF के अध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद आशीष शेलार ने फेडरेशन के सभी पदाधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और राज्यों के प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भारत में ई-स्पोर्ट्स के विकास को नई दिशा देने का मौका है।
आशीष शेलार ने कहा, “भारत में ई-स्पोर्ट्स तेजी से विकसित हो रहा है और हमारे युवाओं में अपार प्रतिभा है। हमारे देश में ही 60 करोड़ लोग ई-स्पोर्ट्स खेल रहे हैं। अगले महीने, सितंबर में ही भारत की ई-स्पोर्ट्स टीम एशियाई खेलों में भाग लेने जापान जा रही है। हमारा प्रयास होगा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।”
ESGF के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष अधिवक्ता नंदन झा ने आशीष शेलार को अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि हम आपके मार्गदर्शन में भारत में ई-स्पोर्ट्स के एक नए युग की शुरुआत होगी। हम खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर भारत में एक मजबूत ई-स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में काम करेंगे। आपका विजन और सहयोग न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि वैश्विक मंच पर भी भारतीय ई-स्पोर्ट्स को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
इस मौके पर अशोक ध्यानचंद ने आशीष शेलार को बधाई देते हुए कहा कि भारत में उभरते ई-स्पोर्ट्स सेक्टर में आपका साथ जुड़ना खेल जगत को लेकर आपकी प्रतिबद्धता दिखाती है। आपके जुड़ने से एक नई ऊर्जा और विश्वास का संचार ई-स्पोर्ट्स प्लेयर और उससे जुड़े लोगों में होगा।
ESGF के महासचिव गुरशरण सिंह ने आशीष शेलार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में फेडरेशन का उद्देश्य भारत को वैश्विक ई-स्पोर्ट्स मंच पर एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को अवसर देने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बोर्ड बैठक में ESGF के पदाधिकारियों, बोर्ड के सदस्यों और राज्यों के प्रतिनिधि ने आशीष शेलार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और भारतीय ई-स्पोर्ट्स के विकास के लिए उनके नेतृत्व में मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया।
बोर्ड की बैठक में ये रहे मौजूद
बोर्ड की बैठक में अधिवक्ता नंदन झा, अशोक ध्यानचंद, Retd IAS शंकर अगरवाल (पूर्व अध्यक्ष, ESGF), पद्म भूषण सतपाल सिंह (उपाध्यक्ष), गुरशरण सिंह, डॉ गुलशन राय (अध्यक्ष, साइबर समिति, ESGF), पद्म श्री सुधा सिंह (सलाहकार, ESGF), अधिवक्ता देबी प्रसाद दाश (सलाहकार, ESGF), Retd IRS सुशांत कुमार पांडा (सलाहकार, ESGF), अभिजीत सरकार (अध्यक्ष, मीडिया और कम्युनिकेशन, ESGF), गौरव ध्यानचंद (CEO, ESGF), नवीन उपाध्याय (सदस्य, ESGF), दिलावर सिंह (सदस्य, ESGF), आशीष कुलकर्णी (सदस्य, ESGF), मो. इरफ़ान अहमद (प्रतिनिधि, दिल्ली फेडरेशन), करिश्मा समात (प्रतिनिधि, महाराष्ट्र फेडरेशन) और उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब, हिमचाल प्रदेश सहित 20 राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ESGF के बारे में
ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन (ESGF) भारत में ई-स्पोर्ट्स और माइंड स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने, नियमन और विकास के लिए कार्य करने वाली एक राष्ट्रीय संस्था है। ESGF, ग्लोबल ई-स्पोर्ट्स फेडरेशन (GEF) और इंटरनेशनल ई-स्पोर्ट्स फेडरेशन (IESF) का सदस्य है तथा यह पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) द्वारा मान्यता प्राप्त है। यह संस्था जिम्मेदार गेमिंग, खिलाड़ियों के विकास और वैश्विक खेलों में भारत की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर कार्य करती है।








