Corona Case in Noida India: देश में पिछले कई दिनों में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद में कोविड-19 के तीन केस मिलने के बाद नोएडा में भी कोरोना का एक संदिग्ध मरीज मिला है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नोएडा सेक्टर 110 का रहने वाला शख्स कोरोना के लक्षणों के साथ एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचा।
यह भी पढ़ें- Delhi-NCR में कोरोना वायरस की दस्तक, गुरुग्राम में 2 और फरीदाबाद में 1 केस मिला
अस्पताल ने मरीज के नमूले ले लिए हैं और शख्स को आइसोलेशन में रखा है। इस मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है, साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
कोविड-19 एक बार फिर भारत के शहरी इलाकों में धीरे-धीरे लौटता दिख रहा है। इसके चलते दिल्ली, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने अस्पतालों को अलर्ट पर रख रहे हैं।
इन राज्यों में सामने आए नए मामले
- दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में इस महीने अब तक ताजा कोविड-19 मामले सामने आए हैं।
- दिल्ली में तीन साल बाद पहली बार 23 मामले दर्ज किए गए हैं।
- हालांकि राहत की बात यह है कि अधिकांश मामले हल्के हैं और कोई मौत दर्ज नहीं की गई है।
JN.1 वेरिएंट: कोविड मामलों की वजह
विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण एशिया में कोविड मामलों में वृद्धि का कारण JN.1 वेरिएंट हो सकता है, जो ओमिक्रॉन का एक सब-वेरिएंट है। यह वेरिएंट फिलहाल WHO द्वारा ‘वेरिएंट ऑफ कंसर्न’ के रूप में वर्गीकृत नहीं किया गया है।संक्रमित व्यक्ति चार दिनों के भीतर ठीक हो रहे हैं।
लक्षण हल्के होते हैं, जिनमें शामिल हैं..
- बुखार
- बहती नाक
- गले में खराश
- सिरदर्द
- थकावट
दिल्ली: सरकार ने दिए निर्देश
दिल्ली सरकार ने अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि वे बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, टेस्टिंग किट और वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा, ‘चिंता की कोई बात नहीं है, नया वेरिएंट आम फ्लू की तरह ही है।’ अस्पतालों को प्रतिदिन ILI (इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण) और SARI (गंभीर श्वसन संक्रमण) मामलों को स्वास्थ्य डेटा प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने को कहा गया है।
केरल में सबसे ज़्यादा केस
- केरल में मई महीने में अब तक 273 कोविड केस दर्ज किए गए हैं।
- स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिलों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
- अस्पतालों में मास्क अनिवार्य कर दिए गए हैं और जिन्हें खांसी के लक्षण हैं, उन्हें मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
कर्नाटक, 9 महीने के बच्चे में संक्रमण
- कर्नाटक में भी कोविड मामलों में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है।
- अब तक 35 केस दर्ज हुए हैं।
- इनमें होसकोटे का एक 9 महीने का शिशु भी शामिल है।
- जिन लोगों में SARI के लक्षण हैं, उन्हें टेस्ट करवाने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र: मुंबई और ठाणे में मामले
मुंबई में मई में अब तक 95 कोविड मामले सामने आए हैं, जो राज्य के कुल मामलों का अधिकांश हिस्सा है। सिर्फ 16 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए हैं। BMC ने SARI लक्षणों वाले सभी मरीजों की कोविड जांच करवाने के निर्देश दिए हैं।ठाणे में पिछले 3 दिनों में 10 नए केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सभी केंद्रों पर उपलब्ध है।
आंध्र प्रदेश में भी एहतियात बरतने के निर्देश
हालांकि आंध्र प्रदेश में कोविड मामलों में वृद्धि नहीं देखी गई है, लेकिन वहां के अस्पतालों को PPE किट, वैक्सीन और मास्क का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया है। कोविड प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों को जांच कराने की सलाह दी गई है।