IPL 2025 Closing Ceremony: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मंगलवार, 3 जून को फाइनल होगा। जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगे। दोनों ही टीमें अब तक इस टूर्नामेंट के 18 सालों के इतिहास में एक भी बार खिताब नहीं जीत सकी हैं, जिससे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह फाइनल और भी खास बन जाता है, क्योंकि इस बार IPL को मिलेगा एक नया चैंपियन।
फाइनल मुकाबले से पहले शाम 6:00 बजे से समापन समारोह (क्लोज़िंग सेरेमनी) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन भारत की सशस्त्र सेनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रस्तुति देंगे।
यह भी पढ़ें- IPL Final Prediction: आज टॉस जीतने वाला कैप्टन पहले चुन सकता है फील्डिंग, जानें क्यों?
हालांकि इस बार फाइनल का आयोजन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होना तय था, क्योंकि पिछली बार कोलकाता नाइट राइडर्स ने खिताब जीता था। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और इसके चलते हुए 10 दिनों के ब्रेक के कारण स्थान को बदलकर अहमदाबाद कर दिया गया।
टूर्नामेंट की शुरुआत एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी से हुई थी, जिसमें शाहरुख़ ख़ान, दिशा पाटनी, वरुण धवन, श्रेया घोषाल और करण औजला जैसे बॉलीवुड सितारों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में फाइनल की क्लोजिंग सेरेमनी को लेकर दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं।
समापन समारोह में शंकर महादेवन अपने बेटों शिवम और सिद्धार्थ महादेवन के साथ मिलकर प्रस्तुति देंगे। यह प्रदर्शन ऑपरेशन सिंदूर में सेवा देने वाले सैनिकों को समर्पित होगा और पहलगाम त्रासदी में जान गंवाने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।
IPL 2025 की क्लोजिंग सेरेमनी कहां होगी?
समापन समारोह 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
IPL 2025 की क्लोजिंग सेरेमनी कब शुरू होगी?
यह समारोह शाम 6:00 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा, जो फाइनल मैच से ठीक पहले होगा।









