महिला क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बहुप्रतीक्षित महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन 30 सितंबर से 2 नवंबर के बीच भारत और श्रीलंका में किया जाएगा। टूर्नामेंट के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है और इसमें सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाला मुकाबला भारत-पाकिस्तान के बीच 5 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इस हाई-वोल्टेज मैच का आयोजन श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में किया जाएगा। गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से ही खास रहे हैं और अब महिला वर्ल्ड कप में भी यह मुकाबला दर्शकों में रोमांच भर देगा।
भारत का पहला मुकाबला 30 सितंबर को
भारतीय महिला टीम वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 30 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ करेगी। यह मैच बेंगलुरु में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद भारत का सामना क्रमशः पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश जैसी मजबूत टीमों से होगा।
भारत के सभी मुकाबलों की तारीखें और स्थान:
- 30 सितंबर: भारत vs श्रीलंका – बेंगलुरु
- 5 अक्टूबर: भारत vs पाकिस्तान – कोलंबो
- 9 अक्टूबर: भारत vs दक्षिण अफ्रीका – विशाखापत्तनम
- 12 अक्टूबर: भारत vs ऑस्ट्रेलिया – विशाखापत्तनम
- 19 अक्टूबर: भारत vs इंग्लैंड – इंदौर
- 23 अक्टूबर: भारत vs न्यूजीलैंड – गुवाहाटी
- 26 अक्टूबर: भारत vs बांग्लादेश – बेंगलुरु
सेमीफाइनल और फाइनल की जानकारी:
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 29 और 30 अक्टूबर को गुवाहाटी/कोलंबो और बेंगलुरु में आयोजित होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 2 नवंबर को कोलंबो या बेंगलुरु में खेला जाएगा।
भारत-पाक मैच का खास महत्व
पिछले कुछ वर्षों में भारत और पाकिस्तान के राजनीतिक रिश्तों में तनाव रहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की एयरस्ट्राइक और उसके बाद बिगड़े हालातों के बीच यह पहली बार होगा जब दोनों देशों की महिला टीमें एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा होगा।
क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टिकीं
महिला क्रिकेट को लेकर देशभर में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इस बार का वर्ल्ड कप दोनों मेज़बान देशों — भारत और श्रीलंका — के लिए भी खास होगा। दर्शकों को उम्मीद है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाएगी।
यह भी पढ़ें: भारत में 2027 में होगी अगली जनगणना, गृह मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
अब जब पूरा शेड्यूल सामने आ चुका है, क्रिकेट फैंस को बस इंतज़ार है 30 सितंबर का, जब महिला वर्ल्ड कप का बिगुल बजेगा और टीम इंडिया एक बार फिर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।