जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) से संबद्ध स्कूलों में पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों और अभिभावकों के लिए अहम सूचना सामने आई है। जामिया प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूलों में प्रवेश की पूरी प्रक्रिया और तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार भी नर्सरी से लेकर कक्षा 11 तक अलग-अलग चरणों में दाखिले कराए जाएंगे।
जामिया के स्कूल अपनी गुणवत्ता भरी शिक्षा, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए जाने जाते हैं। इसी वजह से हर साल यहां प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होते हैं।
नर्सरी से कक्षा 1 तक दाखिले की जानकारी
नर्सरी, केजी और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जो 27 जनवरी 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभिभावक जामिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इन कक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
इन स्तरों पर दाखिले मुशीर फातिमा नर्सरी स्कूल और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सेल्फ फाइनेंस) में किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और तय समय सीमा के बाद किसी भी फॉर्म पर विचार नहीं किया जाएगा।
कक्षा 6 से 11 तक कब होंगे आवेदन
वर्ग 6 से वर्ग 11 तक के लिए प्रवेश प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 से शुरू होकर 5 मार्च 2026 तक चलेगी। इन कक्षाओं में दाखिला छात्रों की शैक्षणिक योग्यता और पिछली कक्षा के प्रदर्शन के आधार पर दिया जाएगा। मिडिल और सीनियर कक्षाओं में दाखिले को लेकर छात्रों में खासा उत्साह रहता है।
कक्षा 11 के लिए अलग व्यवस्था
कक्षा 11 में विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग में प्रवेश के लिए आवेदन 20 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। दाखिले जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सेल्फ फाइनेंस) और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सेल्फ फाइनेंस) में होंगे। इस कक्षा के लिए भी आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है।
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में हुई भर्ती
जामिया प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी है कि वे समय रहते पूरी जानकारी ध्यान से पढ़कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।






