बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पिता और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल ने आधिकारिक बयान जारी कर उनकी सेहत की जानकारी दी है।
अस्पताल के अनुसार, सलीम खान को सुबह करीब 8:30 बजे ICU में भर्ती कराया गया। उन्हें परिवार के डॉक्टर डॉ. संदीप चोपड़ा इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे, जिसके बाद तुरंत इलाज शुरू किया गया। वर्तमान में वे इंटेंसिव केयर यूनिट में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।
डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी
अस्पताल के बयान के मुताबिक, सलीम खान का इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम की देखरेख में चल रहा है। इस टीम में डॉ. जलील पारकर के साथ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत अहलूवालिया शामिल हैं।
अस्पताल ने स्पष्ट किया है कि परिवार की इच्छा के अनुसार फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जाएगी। हालांकि, मरीज की प्राइवेसी का सम्मान करते हुए अगले दिन सुबह 11 बजे एक प्रेस बुलेटिन जारी किया जाएगा।
फिलहाल सलीम खान की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वे लगातार मेडिकल ऑब्जर्वेशन में हैं।
परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे
सलीम खान की तबीयत की खबर मिलते ही पूरा परिवार अस्पताल पहुंच गया। सलमान खान के अलावा उनके भाई सोहेल खान और अरबाज खान के बेटे भी लीलावती अस्पताल में नजर आए।
सलीम खान की दोनों पत्नियां हेलेन और सुशीला चरक भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचीं। इसके साथ ही सलमान खान की करीबी दोस्त यूलिया वंतूर भी अस्पताल में दिखाई दीं।
यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप 2026: ऑस्ट्रेलिया हुआ बाहर, जिम्बाब्वे सुपर-8 में
कौन हैं सलीम खान?
सलीम खान हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों की कहानी और पटकथा लिखी है और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। फिलहाल फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।









