PM Kisan Yojana: केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना योजना के तहत किसानों को साल में तीन किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाती है। हाल ही में 13 मार्च को योजना की नई किस्त जारी की गई, जिसके तहत देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए गए।
हालांकि, कुछ किसानों के खाते में अब तक यह राशि नहीं पहुंची है। अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान तरीकों से आप घर बैठे यह पता लगा सकते हैं कि आपकी किस्त क्यों रुकी है और जरूरत पड़ने पर शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं।
पहले लाभार्थी सूची में देखें अपना नाम
सबसे पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में मौजूद है या नहीं। इसके लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट PM Kisan Portal पर जाकर Beneficiary List में जानकारी देखी जा सकती है।
ऐसे करें चेक:
- pmkisan.gov.in वेबसाइट खोलें।
- Beneficiary List विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव चुनें।
- इसके बाद Search बटन दबाएं।
इसके बाद आपके गांव के सभी लाभार्थियों की सूची सामने आ जाएगी। अगर इस सूची में आपका नाम मौजूद है तो आप योजना के पात्र लाभार्थी हैं। यदि नाम नहीं दिखता है तो रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि हो सकती है।
ऐसे चेक करें किस्त का स्टेटस
कई बार पैसा ट्रांसफर हो जाता है लेकिन जानकारी न होने के कारण किसान चिंतित हो जाते हैं। इसलिए एक बार Beneficiary Status भी जरूर देख लें।
स्टेटस देखने का तरीका:
- PM Kisan Portal पर जाएं।
- Beneficiary Status सेक्शन खोलें।
- यहां आधार नंबर, बैंक खाता नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- Get Data पर क्लिक करें।
इसके बाद स्क्रीन पर पूरी जानकारी दिखाई देगी, जिसमें यह भी पता चल जाएगा कि किस तारीख को किस्त भेजी गई और राशि खाते में पहुंची या नहीं।
पैसा नहीं आया तो क्या करें
अगर स्टेटस चेक करने के बाद भी पैसे नहीं मिले हैं तो कुछ जरूरी चीजों की जांच कर लेना चाहिए। अक्सर छोटी तकनीकी वजहों से भी किस्त अटक सकती है।
- e-KYC पूरा हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि करें।
- आधार नंबर बैंक खाते से लिंक है या नहीं, यह जांच लें।
- जमीन से जुड़ा रिकॉर्ड (Land Seeding) अपडेट है या नहीं, इसे भी देख लें।
शिकायत कहां करें
अगर सभी जानकारी सही होने के बावजूद पैसा नहीं आया है तो किसान शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल की सुविधा भी दी गई है।
- हेल्पलाइन नंबर: 155261 या 18001801551
- तकनीकी सहायता: 011-24300661
- ईमेल: pmkisan-ict@gov.in
यह भी पढ़ें: जंग के बीच सोने-चांदी की कीमतों में आई उतार
शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग मामले की जांच करता है। अगर किसान की जानकारी सही पाई जाती है तो रुकी हुई किस्त जल्द ही बैंक खाते में भेज दी जाती है।









