पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या कर दी गई है. सूत्रों के मुताबिक यह घटना मुजफ्फराबाद में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने हमजा को निशाना बनाया. हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा हमले की साजिश में उसकी अहम भूमिका मानी जाती थी. पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे, जिसके बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था.
पुलवामा हमले के बाद भारत ने की थी एयरस्ट्राइक
पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. इस कार्रवाई को भारतीय सुरक्षा बलों की बड़ी जवाबी कार्रवाई माना गया था.
सूत्रों के अनुसार हमजा बुरहान लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था. उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी और उसे आतंकियों के नेटवर्क का सक्रिय सदस्य माना जाता था.
पाकिस्तान में लगातार हो रहे रहस्यमय हमले
हाल के वर्षों में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटनाएं सामने आई हैं. कई मामलों में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोलीबारी की गई, जबकि कुछ मामलों को गैंगवार से जोड़कर देखा गया.
हमजा बुरहान की हत्या को भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे कौन लोग थे और इसका मकसद क्या था.
यह भी पढ़ें: GT vs CSK: चेन्नई के लिए करो या मरो की जंग, जानिए कैसे प्लेऑफ में पहुंच सकती है CSK
मुजफ्फराबाद में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद मुजफ्फराबाद और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं. फिलहाल हमलावरों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.









