उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिस मातृशक्ति ने जीवन भर परिवार और समाज की राह सहज की, उसकी यात्रा को सुगम और सम्मानपूर्ण बनाने का संकल्प डबल इंजन सरकार में साकार हो रहा है।
फ्री बस सेवा का किया ऐलान
सीएम योगी ने लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ किया, जिसके अंतर्गत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की माताओं-बहनों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। निःशुल्क बस यात्रा पाने के लिए महिलाओं को वोटर आईडी या आधार कार्ड दिखाना होगा और उनका किराया सरकार वहन करेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी ने रक्षाबंधन पर 27, 28 और 29 अगस्त को यूपी परिवहन निगम और सिटी बसों में माताओं, बहनों एवं बेटियों को एक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनकी सुविधा हमारी सरकर की प्राथमिकता है।
प्रदेश की बेटियों के लिए किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बेटियों के लिए भी बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा कि अक्टूबर-नवंबर में स्नातक की पढ़ाई कर रहीं 50 हजार बेटियों को प्रदेश की सरकार द्वारा स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: विवाद के बाद GIVA ने हटाया कृति सेनन का रक्षाबंधन विज्ञापन
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को अपनी योजनाओं के केंद्र में रखा है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि बहनों को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता तक सरकार सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की गारंटी देने के लिए काम कर रही है।









