इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की तैयारियों का आगाज हो चुका है। 19वें सीजन की मिनी ऑक्शन दिसंबर में होने जा रही है, संभवतः 15 दिसंबर को। उससे पहले सभी फ्रेंचाइजियों को 15 नवंबर तक अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची सौंपनी होगी। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, सीएसके पांच खिलाड़ियों को रिलीज करने की तैयारी में है, जिनमें टी20 क्रिकेट के दो बड़े विदेशी सितारे भी शामिल हैं। इन नामों में सबसे चौंकाने वाला नाम सैम कर्रन का है, जो मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक ऑलराउंडर्स में गिने जाते हैं।
चेन्नई के संभावित रिलीज खिलाड़ी:
- सैम कर्रन (इंग्लैंड)
- डेवोन कॉन्वे (न्यूजीलैंड)
- दीपक हुड्डा (भारत)
- विजय शंकर (भारत)
- राहुल त्रिपाठी (भारत)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएसके टीम प्रबंधन ने आईपीएल 2025 में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम के संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। इन खिलाड़ियों को रिलीज करने के पीछे एक वजह यह भी बताई जा रही है कि फ्रेंचाइजी नीलामी में नए और युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाने की तैयारी में है।
धोनी का फैसला अब भी अधर में
आईपीएल 2026 को लेकर सबसे बड़ा सवाल अब भी यह है कि एमएस धोनी खेलेंगे या नहीं? अभी तक फ्रेंचाइजी या खुद धोनी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, सीएसके प्रबंधन कई बार यह साफ कर चुका है कि धोनी ही अपने भविष्य का फैसला लेंगे।

अगर अंदरूनी सूत्रों की मानें तो धोनी अंतिम बार एक खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतर सकते हैं, और शायद यह आईपीएल उनका आखिरी सीजन हो।
आईपीएल 2025 में निराशाजनक रहा था सीएसके का प्रदर्शन
आईपीएल 2025 का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद खराब रहा। टीम ने अपने 14 में से सिर्फ 4 मैच जीते और 10 में हार का सामना करना पड़ा। सीएसके अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर रही।
सीजन की शुरुआत में ही कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हो गए थे, जिसके बाद धोनी ने एक बार फिर कप्तानी संभाली। लेकिन टीम जीत की लय पकड़ नहीं सकी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2026 में गायकवाड़ कप्तानी करते हैं या कोई और नया चेहरा सामने आता है।
क्या बदलावों से वापसी करेगी चेन्नई?
आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शुमार सीएसके अब टीम को नया रूप देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। युवा खिलाड़ियों को मौका देना, विदेशी संयोजन में बदलाव करना और कप्तानी को लेकर स्पष्टता – ये तीन अहम पहलू चेन्नई की रणनीति के केंद्र में हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: नोबेल शांति पुरस्कार 2025: वेनेज़ुएला की इस महिला को मिला
आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स का यह बड़ा फैसला टीम की भविष्य की योजनाओं को दर्शाता है। अब देखना होगा कि ये बदलाव क्या टीम को दोबारा जीत की राह पर ला पाएंगे या नहीं।









