भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह के लिए शुक्रवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। उनके पिता खानचंद सिंह का लिवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
गुरुवार रात टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला चेन्नई में खेला था। इस मैच में रिंकू को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था। सुबह पिता के निधन की सूचना मिलते ही वह तुरंत चेन्नई से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो गए।
बीसीसीआई ने जताई संवेदना
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बोर्ड इस कठिन समय में रिंकू और उनके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि रिंकू सुबह ही अस्पताल पहुंच गए थे, जहां उनके पिता का इलाज चल रहा था।
क्या टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए रिंकू?
फिलहाल रिंकू सिंह पूरे टी20 विश्व कप से बाहर नहीं हुए हैं। हालांकि, वह सुपर-8 चरण का अगला मुकाबला नहीं खेलेंगे। भारतीय टीम का अगला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में खेला जाना है। यह मुकाबला टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है और इसे वर्चुअल क्वार्टर फाइनल के तौर पर देखा जा रहा है।
जो टीम यह मैच जीतेगी, वह ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनेगी।

21 फरवरी को अस्पताल में कराया गया था भर्ती
रिंकू के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी को यथार्थ अस्पताल, ग्रेटर नोएडा में भर्ती कराया गया था। इससे पहले भी रिंकू एक बार कैंप छोड़कर पिता से मिलने पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: Bank Holiday in March 2026: जानें मार्च में कब बंद रहेंगे बैंक?
पिता के निधन से रिंकू सिंह और उनका परिवार गहरे सदमे में है। फिलहाल टीम प्रबंधन ने उन्हें पारिवारिक कारणों से समय दिया है। क्रिकेट जगत से जुड़े कई खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।









