उड़ीसा से एक हैरान करने वाली खबर आई है। ओडिशा के पुरी जिले में शनिवार को कुछ बदमाशों ने एक 15 वर्षीय लड़की को पेट्रोल छिड़ककर ज़िंदा जला दिया। अधिकारियों ने बताया कि लड़की की हालत गंभीर है और उसे तुरंत एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया।
उपमुख्यमंत्री प्रवाती परिदा (महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी), ने इस घटना की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘पुरी जिले के बालंगा में कुछ बदमाशों ने सड़क पर एक 15 साल की बच्ची पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। यह खबर सुनकर मैं बेहद दुखी और स्तब्ध हूं।
यह भी पढ़ें- Lucknow: स्कूल वैन में 4 साल की बच्ची के साथ ड्राइवर ने की दरिंदगी, शिकायत के बाद भी चुप रहा स्कूल प्रशासन
लड़की को तुरंत एम्स भुवनेश्वर शिफ्ट कर दिया गया है और उसके इलाज की सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। पुलिस प्रशासन को आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।’
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की जब अपने दोस्त के घर जा रही थी, तभी बयाबर गांव में तीन बदमाशों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाई और लड़की को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस गांव में पहुंच चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह घटना उस वक्त सामने आई है जब कुछ दिन पहले ही बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज की एक 20 वर्षीय छात्रा ने यौन उत्पीड़न के आरोप में आत्मदाह कर लिया था।









