उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना में 19 वर्षीय युवती नेहा की हत्या के आरोप में पुलिस ने तौफीक नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर युवती को बहस के बाद घर की छत से धक्का दे दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना 23 जून की सुबह की है, जब इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
झगड़े के बाद छत से फेंका
पुलिस के मुताबिक, नेहा को जानकारी मिली थी कि तौफीक किसी और लड़की से शादी करने वाला है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जोरदार बहस हुई। इस बहस के दौरान तौफीक ने नेहा को घर की पांचवीं मंज़िल की बालकनी से धक्का दे दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुर्का पहनकर पहुंचा था आरोपी
घटना को अंजाम देने के लिए तौफीक ने पहचान छिपाने की कोशिश की। पुलिस जांच में सामने आया कि वह बुर्का पहनकर नेहा के घर पहुंचा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो और नेहा के परिवारवालों को यह न लगे कि वह मिलने आया है। उसने सोचा था कि इस वेशभूषा में वह आसानी से घर में घुस जाएगा और पहचान से बच जाएगा।

गिरफ्तारी के बाद कबूला जुर्म
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के रामपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में तौफीक ने माना कि वह और नेहा पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन कुछ समय से नेहा उससे दूरी बना रही थी। उसे शक था कि नेहा अब किसी और से बात कर रही है। तौफीक ने बताया कि इसी वजह से उसे गुस्सा आया और उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, नेहा के माता-पिता का कहना है कि वह तौफीक को भाई मानती थी और राखी भी बांधती थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
घटना की पुष्टि और सबूत जुटाने के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि की जांच की जा सके। पुलिस ने हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को रिमांड पर लिया गया है।
परिवार ने मांगी मौत की सज़ा
नेहा के परिजनों का कहना है कि यह पूरी तरह से योजनाबद्ध हत्या थी। उन्होंने तौफीक को कड़ी सजा, यहां तक कि मौत की सज़ा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यह महज एक गुस्से का मामला नहीं था, बल्कि पूरी तरह दुर्भावना से प्रेरित अपराध था।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
घटना ने एक बार फिर से दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुर्का पहनकर आरोपी का घर में घुसना, और फिर हत्या जैसी वारदात को अंजाम देना, कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाता है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ मेयर चुनाव प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, अब गुप्त नहीं ‘हाथ उठाकर’ होगा मतदान
अब देखना होगा कि पुलिस कितनी तेजी से केस को आगे बढ़ाती है और क्या पीड़िता को न्याय मिल पाएगा। फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर गम और आक्रोश का माहौल है।









