EPFO 3.0 Launch Date: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) इस साल अपना उन्नत डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म EPFO 3.0 लॉन्च करने की तैयारी में है। इस नए सिस्टम का उद्देश्य पूरे भारत में व्यक्तियों के लिए भविष्य निधि सेवाओं को तेज़, पारदर्शी और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाना है।
हालांकि लॉन्च की योजना शुरू में जून 2025 में थी, लेकिन प्लेटफ़ॉर्म के तकनीकी परीक्षण जारी रहने के कारण इसे टाल दिया गया। अब उम्मीद है कि लॉन्च जल्द ही होगा, लेकिन EPFO ने अभी तक नई तारीख आधिकारिक रूप से घोषित नहीं की है।
यह भी पढ़ें- यूपी में आयुष्मान और सारा की फिल्म शूटिंग के दौरान ऐसा क्या हुआ, पुलिस को करनी पड़ गिरफ्तारी?
EPFO 3.0 की प्रमुख विशेषताए
एटीएम से निकासी
EPFO 3.0 का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि सदस्य अपने भविष्य निधि (PF) खाते से सीधे एटीएम के जरिए पैसा निकाल सकेंगे। इसके लिए केवल यूएएन (UAN) को सक्रिय करना और आधार को बैंक खाते से जोड़ना होगा। यह सुविधा आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत नकदी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाई गई है।
यूपीआई से निकासी
EPFO 3.0 में सदस्य यूनिफाइड पेमेंट इंटरफ़ेस (UPI) के माध्यम से भी पैसा निकाल सकेंगे। वर्तमान प्रक्रिया में लंबे आवेदन भरने पड़ते हैं। यह कदम भारत सरकार के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम को बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।
आसान सुधार प्रक्रिया
नए प्लेटफ़ॉर्म पर सदस्य ओटीपी वेरिफिकेशन के जरिए ऑनलाइन सुधार या अपडेट कर सकेंगे। वर्तमान प्रक्रिया में EPFO कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और दावे जमा करने व कतार में इंतजार करना पड़ता है। अब सदस्य अपने दावों की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर पाएंगे।
मृत्यु दावों का तेज़ निपटान
अब किसी सदस्य की मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति (Nominee) आसानी से दावा कर पाएंगे। नाबालिग नामांकित व्यक्ति के लिए गार्डियन सर्टिफिकेट अनिवार्य नहीं होगा। इससे परिवारों को जल्दी वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
मोबाइल-फ्रेंडली प्लेटफ़ॉर्म
यह अपग्रेडेड प्लेटफ़ॉर्म खास तौर पर मोबाइल पर आसानी से इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है। सदस्य कहीं भी, कभी भी अपने खाते की जमा राशि, दावे और विवरण चेक कर सकेंगे।
भले ही EPFO 3.0 के जरिए PF की राशि तक पहुंच आसान हो जाएगी, लेकिन ध्यान रखना जरूरी है कि EPFO की बचत का उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करना है। बार-बार या बिना योजना के निकासी से लंबे समय की बचत कम हो सकती है और भविष्य की वित्तीय सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।









