शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल में भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को डराने पर मजबूर कर दिया। कोलकाता सहित राज्य के कई जिलों में जमीन हिलने का एहसास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश के टुंगी क्षेत्र से लगभग 27 किलोमीटर पूर्व भूकंप आया, जिसके कंपन सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ बंगाल के कई हिस्सों में महसूस किए गए।
स्थानीय समय के मुताबिक झटके सुबह करीब 10:38 बजे दर्ज हुए। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) ने बताया कि भूकंप के बाद कई इलाकों से हल्के कंपन की रिपोर्ट भी आई है।
बंगाल के कई जिलों में कंपन्न, त्रिपुरा तक पहुंचे झटके
मालदा, नादिया, कूचबिहार, दक्षिण दिनाजपुर और हुगली जैसे जिलों में भी कंपन दर्ज किए गए। झटके सिर्फ पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं रहे; त्रिपुरा के कई हिस्सों में भी कंपन महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि ढाका में आए भूकंप के बाद इसका असर पूर्वोत्तर भारत और कोलकाता तक पहुंचा।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी भूकंप की गतिविधि तेज
उधर, पाकिस्तान में शुक्रवार तड़के आए भूकंप ने लोगों को भयभीत कर दिया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.2 मापी गई और केंद्र लगभग 135 किलोमीटर की गहराई पर था। राहत की बात यह रही कि किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली।
अफगानिस्तान में भी रात करीब 1:59 बजे भूकंप महसूस किया गया, जिसका केंद्र लगभग 190 किलोमीटर की गहराई पर था। इसके कुछ घंटे बाद 3:09 बजे पाकिस्तान में दूसरा झटका दर्ज हुआ, जिसकी तीव्रता भी 5.2 थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंप-प्रवण क्षेत्रों में शामिल है। भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की निरंतर टकराहट के कारण यहाँ छोटे से बड़े झटके अक्सर आते रहते हैं।
भूकंप क्यों आते हैं?
धरती की बाहरी परत कई टेक्टॉनिक प्लेटों से बनी होती है, जो लगातार अत्यंत धीमी गति से गतिमान रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, फंस जाती हैं या रगड़ खाती हैं, तो ऊर्जा का भारी दबाव बनता है। इस दबाव के अचानक निकलने पर भूकंप आता है।
यह भी पढ़ें: जम्मू में कश्मीर टाइम्स के दफ्तर पर SIA का छापा, पिस्टल बरामद
स्थानीय प्रशासन सतर्क
राज्य प्रशासन ने प्रभावित जिलों में स्थिति पर नजर बनाए रखी है। फिलहाल किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन विशेषज्ञों ने आगे भी सतर्क रहने की सलाह दी है।









