पंजाब के लुधियाना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हलवारा क्षेत्र में नगर कीर्तन के दौरान आम आदमी पार्टी से जुड़े गांव के सरपंच सुखविंदर सिंह हलवारा पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर कीर्तन के बीच करीब एक दर्जन हमलावरों ने सरपंच को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी पगड़ी भी उतार दी। हमले में सरपंच को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इलाज के बाद सरपंच हाथ में पगड़ी लेकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
जेब से नकदी और सरकारी मुहर भी छीनी
सरपंच ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनकी जेब से 7,800 रुपये नकद और सरपंच की सरकारी मुहर भी छीन ली। इस घटना को उन्होंने साजिशन हमला बताया है।
सरपंच सुखविंदर सिंह हलवारा का कहना है कि उन्होंने कुछ लोगों को सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और झूठी अफवाहें फैलाने से रोका था, जिसके चलते हमलावर उनसे रंजिश रखने लगे। इसी दुश्मनी के चलते नगर कीर्तन के दौरान उन पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने मुक्कों के साथ-साथ लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया।
17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पुलिस ने सरपंच की शिकायत के आधार पर कुल 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें राजवीर सिंह उर्फ सन्नी, राजविंदर सिंह उर्फ गगना (दोनों सगे भाई), विशाल, जस्सा और हैप्पी को नामजद किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फिलहाल अज्ञात बताए जा रहे हैं। सरपंच ने यह भी दावा किया है कि इस हमले में कांग्रेस पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता का समर्थन प्राप्त लोग शामिल थे।
यह भी पढ़ें: अरावली पर सुप्रीम कोर्ट की अहम सुनवाई, इन्हें भेजा नोटिस
आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली है। पांच नामजद और 12 से अधिक अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








