पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर इस कार्यशाला में शामिल होंगी। गोवा सरकार के पंचायती राज विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पांचों राज्यों के अधिकारी 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों, परिचालन दिशा-निर्देशों और अनुदान से जुड़ी अनुपालन शर्तों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और ग्रामीण नागरिकों के जीवन में ठोस सुधार लाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श होगा।
पंचायतों के लिए 4.35 लाख करोड़ रुपये के अनुदान की सिफारिश
16वें वित्त आयोग ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 की पांच वर्षीय अवधि के लिए देश के सभी 28 राज्यों में पंचायती राज संस्थाओं (PRI) और ग्रामीण स्थानीय निकायों (RLB) को कुल 4,35,236 करोड़ रुपये का अनुदान देने की सिफारिश की है।
वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने इन सिफारिशों को लागू करने के लिए 21 मई 2026 को परिचालन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए थे। आयोग ने पंचायती राज मंत्रालय को राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने और सिफारिशों के अलग-अलग पहलुओं को समझाने के लिए क्षेत्रीय कार्यशालाएं आयोजित करने का सुझाव भी दिया था। गोवा में होने वाला आयोजन इसी क्रम की पहली कार्यशाला है।
राष्ट्रीय कार्यशाला के बाद अब राज्यों के अधिकारियों से संवाद
गोवा की क्षेत्रीय कार्यशाला 3 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राज्यों के पंचायती राज मंत्रियों की राष्ट्रीय कार्यशाला की अगली कड़ी है। उस कार्यक्रम में 16वें वित्त आयोग की पंचायतों से संबंधित सिफारिशों को लागू करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई थी।
राष्ट्रीय स्तर पर तय की गई नीतिगत दिशा को अब क्षेत्रीय कार्यशालाओं के जरिए राज्यों के उन अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिनकी जिम्मेदारी जमीनी स्तर पर योजनाओं और वित्तीय प्रावधानों को लागू करना है। इससे राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।
पंचायतों की अपनी आय बढ़ाने पर भी होगा जोर
कार्यशाला में पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोत (Own Source of Revenue-OSR) बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य पंचायतों को केवल सरकारी अनुदान पर निर्भर रहने के बजाय अपने संसाधनों से भी आय अर्जित करने में सक्षम बनाना है।
इस दौरान विभिन्न राज्यों में अपनाई जा रही सफल पहलों और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा किया जाएगा। गोवा के निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के भी कार्यशाला में शामिल होने की उम्मीद है। पंचायतों की आय बढ़ाने, वित्तीय प्रबंधन बेहतर करने और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार करने जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
आत्मनिर्भर और विकसित पंचायतों के लक्ष्य को मिलेगी मजबूती
पंचायती राज मंत्रालय के अनुसार, वित्तीय रूप से मजबूत, सक्षम और जवाबदेह पंचायतें ‘आत्मनिर्भर पंचायत’ और ‘विकसित पंचायत’ की परिकल्पना का महत्वपूर्ण आधार हैं। पंचायतों को समय पर वित्त आयोग का अनुदान मिलने और उनकी अपनी आय में वृद्धि होने से स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं को तैयार करने और लागू करने की क्षमता बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: 26/11 की बरसी पर मुंबई को फिर बम धमकी, मेयर के दफ्तर और अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की चेतावनी
इससे पंचायतें स्थानीय जरूरतों के मुताबिक प्राथमिकताएं तय कर सकेंगी और ग्रामीण समुदायों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करा पाएंगी। मंत्रालय को उम्मीद है कि गोवा में होने वाली यह पहली क्षेत्रीय कार्यशाला पांच राज्यों के बीच अनुभव साझा करने और 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहयोग का मंच बनेगी।








