एशिया में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। एक ओर मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष वैश्विक तनाव को बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी तरफ नॉर्थ कोरिया ने शनिवार को अपने पूर्वी तट से समुद्र की दिशा में कई मिसाइलें दागकर क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी। इस घटना के बाद साउथ कोरिया और जापान दोनों ने अपनी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है।
दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया ने लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइलें समुद्र की ओर दागी हैं। यह जानकारी दक्षिण कोरिया की सैन्य एजेंसी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने साझा की। एजेंसी ने बताया कि दोपहर करीब 1:20 बजे प्योंगयांग के पास स्थित सुनान क्षेत्र से इन मिसाइलों को लॉन्च किए जाने के संकेत मिले।
इस साल तीसरा मिसाइल परीक्षण
दक्षिण कोरियाई अधिकारियों के मुताबिक, यह इस साल उत्तर कोरिया द्वारा किया गया तीसरा बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण है। इससे पहले 27 जनवरी को भी उत्तर कोरिया ने पूर्वी सागर की ओर कम दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। लगातार हो रहे इन परीक्षणों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
दक्षिण कोरिया हाई अलर्ट पर
साउथ कोरिया की सेना ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और संभावित किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही, मिसाइल से जुड़ी जानकारी अमेरिका और जापान के साथ साझा की जा रही है।
जापान ने भी रखी कड़ी निगरानी
जापान सरकार ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है। जापान के कोस्ट गार्ड के अनुसार, उत्तर कोरिया द्वारा दागी गई संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइलें समुद्र में गिर चुकी हैं। हालांकि, उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सैन्य अभ्यास के बीच परीक्षण
यह ताजा मिसाइल परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब साउथ कोरिया और अमेरिका संयुक्त रूप से अपना वार्षिक सैन्य अभ्यास फ्रीडम शील्ड चला रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया अक्सर ऐसे सैन्य अभ्यासों के दौरान या उसके आसपास मिसाइल परीक्षण कर अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करता है।
यह भी पढ़ें: पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी, 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पहुंची राशि
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर उत्तर कोरिया इसी तरह मिसाइल परीक्षण जारी रखता है तो एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा तनाव और बढ़ सकता है।









