प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पीएम किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी। इस किस्त के तहत देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
प्रधानमंत्री ने असम की राजधानी गुवाहाटी से एक क्लिक के जरिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से यह रकम किसानों के खातों में भेजी। योजना के तहत पात्र किसानों को 2,000 रुपये की किस्त सीधे उनके बैंक खातों में जमा की गई।
करोड़ों किसानों को मिला सीधा लाभ
सरकार के अनुसार इस किस्त का लाभ देश के 9 करोड़ से अधिक किसानों को मिला है। डीबीटी के जरिए राशि सीधे खातों में भेजे जाने से पारदर्शिता सुनिश्चित होती है और बिचौलियों की भूमिका खत्म होती है।
किसानों की आय बढ़ाने की पहल
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
डिजिटल व्यवस्था से आसान हुई प्रक्रिया
सरकार का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और डीबीटी व्यवस्था के कारण योजना का लाभ तेज़ी और पारदर्शिता के साथ किसानों तक पहुंच रहा है। इससे देशभर के करोड़ों छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद मिल रही है।
यह भी पढ़ें: मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग तेज, संसद में विपक्ष का प्रस्ताव
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम-किसान योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ देश के करोड़ों किसानों को मिल रहा है।








