इस योजना के अंतर्गत पात्र पशुपालक गाय और भैंस सहित बड़े पशुओं का बीमा करा सकते हैं। बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत तक हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वहन करती हैं, जबकि पशुपालक को केवल 15 प्रतिशत राशि देनी होती है। इससे कम खर्च में पशुओं को बीमा सुरक्षा दिलाने में मदद मिलती है।
गाय-भैंस के बीमा पर कितनी मिलती है सब्सिडी?
राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत पशुधन बीमा कराने पर कुल प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकारी सहायता के रूप में दिया जाता है। शेष 15 प्रतिशत राशि पशुपालक को जमा करनी होती है।
सरकारी सहायता में केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी राज्यों के अनुसार अलग-अलग होती है।
- सामान्य राज्यों में: केंद्र सरकार प्रीमियम का 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत हिस्सा देती है।
- पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में: केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत होती है।
इस योजना के तहत एक परिवार अधिकतम 10 बड़े पशुओं का बीमा सरकारी सब्सिडी के साथ करा सकता है। इसमें गाय और भैंस जैसे पशु शामिल हैं। यदि किसी परिवार के पास 10 से अधिक बड़े पशु हैं, तो अतिरिक्त पशुओं के बीमा का पूरा प्रीमियम उसे स्वयं देना होगा।
गाय का बीमा कराने में कितना खर्च आएगा?
गाय के बीमा का प्रीमियम उसकी निर्धारित बाजार कीमत और बीमा की अवधि पर निर्भर करता है। सामान्य क्षेत्रों में बीमा की प्रीमियम दरें इस प्रकार बताई गई हैं:
| बीमा की अवधि | प्रीमियम दर |
|---|---|
| 1 साल | 4.5% |
| 2 साल | 8% |
| 3 साल | 11% |
पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में प्रीमियम की दरें अलग हो सकती हैं।
उदाहरण से समझें: मान लीजिए आपकी गाय की कीमत 50,000 रुपये निर्धारित की गई है। एक साल के बीमा के लिए 4.5 प्रतिशत की दर से कुल प्रीमियम 2,250 रुपये होगा। इसमें से 85 प्रतिशत यानी 1,912.50 रुपये सरकारी सहायता के रूप में मिलेंगे। पशुपालक को केवल 337.50 रुपये जमा करने होंगे।
गाय की बीमा योग्य कीमत पशुपालक, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि और पशु चिकित्सक की मौजूदगी में निर्धारित की जाती है।
गाय और भैंस का बीमा कैसे कराएं?
पशुधन बीमा के लिए डिजिटल माध्यम से आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए पशुपालक को संबंधित 1962/NDLM मोबाइल ऐप और पशुधन बीमा पोर्टल की प्रक्रिया का पालन करना होगा।
आवेदन के लिए सामान्य तौर पर ये चरण बताए गए हैं:
- सबसे पहले 1962/NDLM मोबाइल ऐप में लॉगिन करें।
- ऐप में Livestock Insurance का विकल्प चुनें।
- इसके बाद पशुधन बीमा पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- NDLM में दर्ज मोबाइल नंबर और पशु का वैध ईयर टैग नंबर उपलब्ध रखें।
- संबंधित पशु का चयन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें।
- आवेदन जमा करने के बाद पशु की जांच और बीमा से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी करें।
बीमा कराने से पहले पशु की पहचान, स्वास्थ्य और मूल्यांकन से संबंधित आवश्यक शर्तों की जानकारी संबंधित बीमा एजेंसी से जरूर प्राप्त कर लें।
गाय की मौत होने पर कैसे मिलेगा बीमा क्लेम?
बीमा अवधि के दौरान यदि बीमित गाय या भैंस की मौत हो जाती है, तो पशुपालक नियमानुसार बीमा क्लेम कर सकता है। इसके लिए 1962/NDLM ऐप में My Claims विकल्प के माध्यम से दावा दर्ज करने और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया बताई गई है।
क्लेम के दौरान बीमा कंपनी की ओर से निर्धारित दस्तावेज और पशु की पहचान से संबंधित प्रमाण मांगे जा सकते हैं। सभी जरूरी दस्तावेज जमा होने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्लेम का निपटारा किया जाता है। दिए गए विवरण के अनुसार, सामान्य तौर पर इस प्रक्रिया में 21 से 25 दिन लग सकते हैं।
हालांकि, क्लेम की स्वीकृति बीमा पॉलिसी की शर्तों, दस्तावेजों और जांच के परिणाम पर निर्भर करती है।
पशुपालकों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना?
पशुपालन में बीमारी और दुर्घटना जैसे जोखिमों के कारण किसानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। ऐसे में पशुधन बीमा आर्थिक सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। सरकारी सब्सिडी से बीमा प्रीमियम का बोझ कम होता है और पशुपालकों को संभावित नुकसान से निपटने में मदद मिलती है।
यह भी पढ़ें: BPSC को मिली नई अध्यक्ष, वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा संभालेंगी जिम्मेदारी; जानें उनका प्रशासनिक सफर
गाय या भैंस का बीमा कराने से पहले अपने राज्य में योजना की उपलब्धता, पात्रता, प्रीमियम दर, बीमा की शर्तों और क्लेम प्रक्रिया की पुष्टि संबंधित पशुपालन विभाग या बीमा कंपनी से जरूर करें।









