पटना पुलिस ने बुधवार, 25 नवंबर को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से एफआईआर दर्ज होने की जानकारी साझा की। पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, यश माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल @Almostyash पर प्रकाशित वीडियो में बिहार की महिलाओं के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।
किन धाराओं में दर्ज हुई FIR?
पटना के साइबर थाने में इस मामले में कांड संख्या 1550/26 दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) लगाई गई हैं।
पुलिस ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि संबंधित वीडियो और कंटेंट में बिहार की महिलाओं के प्रति की गई टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया और प्राथमिकी दर्ज की गई।
सोशल मीडिया कंटेंट की जांच कर रही पटना पुलिस
पटना साइबर थाना इस मामले में वीडियो और उससे जुड़े कंटेंट की जांच कर रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, अभद्र या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से यश माहेश्वरी की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी की संभावना को लेकर लगाए जा रहे कयासों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बीजेपी नेता ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस मामले पर बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यश माहेश्वरी की टिप्पणियों को अनुचित बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का इलाज मानसिक अस्पताल में होना चाहिए और कानूनी कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिसे वे लंबे समय तक याद रखें।
बीजेपी नेता ने अपनी प्रतिक्रिया में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कांग्रेस के एजेंट के तौर पर सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने छठी मैया का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणियों के लिए धार्मिक और कानूनी दोनों स्तरों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
छठ पूजा और बिहार की परंपराओं पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद
यश माहेश्वरी का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की महिलाओं और राज्य की सांस्कृतिक-धार्मिक परंपराओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खास तौर पर सिंदूर परंपरा और छठ पूजा से जुड़ी टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो में की गई टिप्पणियों को लेकर किन लोगों की क्या भूमिका है और आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाएंगे।







