भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव का हालिया बयान विदेश नीति को लेकर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि भारत ने अतीत में कई महत्वपूर्ण फैसले अमेरिका के दबाव में लिए, जिनमें ईरान से तेल आयात रोकना और रूस से खरीद सीमित करना शामिल है।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे निर्णयों के चलते केंद्र सरकार को देश के भीतर विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत पहले ही कई कदम उठा चुका है, तो अमेरिका की अपेक्षाएं आखिर क्या हैं।
यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है और ऊर्जा सुरक्षा, कूटनीतिक संतुलन जैसे मुद्दे चर्चा में हैं।
बयान पर पलटी, ट्वीट कर मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद राम माधव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके द्वारा कही गई कुछ बातें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने रूस से तेल आयात बंद करने पर कभी सहमति नहीं दी।
उन्होंने यह भी कहा कि वह एक बहस के दौरान दूसरे पैनलिस्ट के तर्क का जवाब दे रहे थे, लेकिन इस प्रक्रिया में तथ्यात्मक त्रुटि हो गई। इसके लिए उन्होंने खेद जताते हुए माफी मांगी।
विदेश नीति पर चर्चा तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारत की ऊर्जा नीति और वैश्विक कूटनीतिक संतुलन को लेकर फिर से बहस शुरू हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि बदलते अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में भारत को अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए संतुलित रणनीति अपनानी होगी।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल: पहले चरण के बाद अमित शाह ने इतने सीटों का किया दावा
फिलहाल, राम माधव की सफाई के बाद विवाद कुछ हद तक थमता नजर आ रहा है, लेकिन इस बयान ने विदेश नीति पर नई चर्चा को जरूर जन्म दे दिया है।









