पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से इस्तीफा देकर भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया है। इसके बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह बन गया है कि नंदीग्राम सीट से भाजपा किसे मैदान में उतारेगी और राज्य का नया वित्त मंत्री कौन होगा।
वित्त मंत्रालय के लिए संजीव सान्याल का नाम सबसे आगे
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल को पश्चिम बंगाल का नया वित्त मंत्री बनाया जा सकता है। फिलहाल वित्त विभाग खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास है। इसके अलावा गृह, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और वाणिज्य जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी वही संभाल रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा अब आर्थिक मामलों में विशेषज्ञ चेहरे को सरकार में शामिल करने की रणनीति पर काम कर रही है और इसी वजह से संजीव सान्याल का नाम तेजी से उभरकर सामने आया है।
नंदीग्राम उपचुनाव में उतर सकते हैं सान्याल
अगर संजीव सान्याल को मंत्री बनाया जाता है तो उन्हें विधानसभा का सदस्य बनना होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें नंदीग्राम सीट से उपचुनाव लड़वा सकती है। यह सीट बीजेपी के लिए मजबूत मानी जाती है और यहां शुभेंदु अधिकारी का प्रभाव काफी मजबूत है।
पार्टी के भीतर इसे “लेटरल एंट्री” मॉडल के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें राजनीति से बाहर के विशेषज्ञों को सीधे सरकार में अहम भूमिका दी जाती है।
कौन हैं संजीव सान्याल?
संजीव सान्याल देश के जाने-माने अर्थशास्त्रियों में गिने जाते हैं। वह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के सदस्य हैं और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। G7 और OECD जैसे वैश्विक मंचों पर उनके अनुभव को भाजपा बंगाल के विकास मॉडल में उपयोग करना चाहती है।
सान्याल मूल रूप से पश्चिम बंगाल से हैं और उन्हें एक ऐसे “ग्लोबल बंगाली” के रूप में पेश किया जा रहा है जो राज्य में निवेश, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दे सकते हैं।
शपथ समारोह से बढ़ीं अटकलें
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण समारोह में संजीव सान्याल अपनी पत्नी के साथ पारंपरिक बंगाली वेशभूषा में नजर आए थे। इसके बाद से ही उनके बंगाल की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
बंगाल की अर्थव्यवस्था पर रहेगा फोकस
भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने को अपनी प्राथमिकता बता रही है। लंबे समय से उद्योगों की कमी और निवेश में गिरावट को लेकर राज्य सरकारों पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में भाजपा आर्थिक सुधारों और प्रशासनिक बदलावों के जरिए बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने की कोशिश में है।
यह भी पढ़ें: केरल में कांग्रेस सरकार की वापसी: 18 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे वीडी सतीशन
हाल ही में एक इंटरव्यू में संजीव सान्याल ने कहा था कि कोलकाता और पश्चिम बंगाल में पूरे पूर्वी भारत के आर्थिक विकास का केंद्र बनने की क्षमता है। अब देखना होगा कि भाजपा उन्हें सिर्फ सलाहकार भूमिका तक सीमित रखती है या सक्रिय राजनीति में उतारकर बड़ा दांव खेलती है।









