अगर आप इस साल इंजीनियरिंग या तकनीकी शिक्षा में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए यह जानकारी बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने देशभर के कई इंजीनियरिंग और तकनीकी संस्थानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। परिषद ने 58 कॉलेजों को बंद करने और 950 से अधिक तकनीकी एवं इंजीनियरिंग कोर्स समाप्त करने का निर्णय लिया है।
हालांकि राहत की बात यह है कि इन संस्थानों में पहले से पढ़ाई कर रहे छात्रों की शिक्षा प्रभावित नहीं होगी और वे अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे।
किन राज्यों में सबसे ज्यादा कॉलेज बंद हुए?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे अधिक कॉलेज उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में बंद किए गए हैं। दोनों राज्यों में 12-12 संस्थानों पर असर पड़ा है।
इसके अलावा:
- मध्य प्रदेश में 8 कॉलेज
- तेलंगाना और पंजाब में 4-4 कॉलेज
- आंध्र प्रदेश और राजस्थान में 3-3 कॉलेज
- गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 2-2 कॉलेज बंद किए गए हैं।
इसके साथ ही हरियाणा, ओडिशा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भी एक-एक कॉलेज पर कार्रवाई हुई है।
AICTE ने कॉलेज बंद करने का फैसला क्यों लिया?
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के अनुसार, कई संस्थानों में लंबे समय से छात्रों की संख्या लगातार घट रही थी। इसके अलावा कुछ कॉलेजों में योग्य शिक्षकों की कमी, खराब इंफ्रास्ट्रक्चर और तय मानकों का पालन न करने जैसी समस्याएं सामने आई थीं।
परिषद का कहना है कि संस्थानों को सुधार के कई मौके दिए गए, लेकिन अपेक्षित बदलाव नहीं होने पर यह फैसला लेना पड़ा।
पहले से पढ़ रहे छात्रों का क्या होगा?
AICTE ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान छात्रों की पढ़ाई जारी रहेगी। जिन कॉलेजों को बंद किया गया है, वहां केवल नए एडमिशन रोके जाएंगे।
पहले से नामांकित छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे और उन्हें नियमानुसार डिग्री भी प्रदान की जाएगी। इससे छात्रों और अभिभावकों की चिंता काफी हद तक कम हो सकती है।
क्या होता है ‘प्रोग्रेसिव क्लोजर’?
यह कार्रवाई ‘प्रोग्रेसिव क्लोजर’ प्रक्रिया के तहत की जा रही है। इसका मतलब यह है कि संस्थान तुरंत पूरी तरह बंद नहीं होते, बल्कि धीरे-धीरे नए दाखिले रोक दिए जाते हैं।
जब तक पुराने बैच के छात्र अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर लेते, तब तक संस्थान सीमित रूप से संचालन जारी रखते हैं।
एडमिशन लेने से पहले क्या जांचना जरूरी?
विशेषज्ञों का कहना है कि इंजीनियरिंग या तकनीकी कॉलेज में दाखिला लेने से पहले छात्रों को संस्थान की मान्यता जरूर जांचनी चाहिए।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त कॉलेज में एडमिशन लेने से भविष्य में डिग्री, प्लेसमेंट और नौकरी से जुड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: अग्निवीर योजना में हो सकता है बड़ा बदलाव, स्थायी भर्ती की सीमा बढ़ाने पर विचार
तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में क्या संकेत?
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यह फैसला इस बात का संकेत है कि तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में अब केवल उन्हीं संस्थानों को टिकने का मौका मिलेगा जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर फैकल्टी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा पाएंगे।








