BPSC TRE 4.0: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती यानी TRE 4.0 में 932 अतिरिक्त पद शामिल किए हैं। इसके बाद शिक्षा विभाग के तहत होने वाली भर्ती में कुल रिक्तियों की संख्या 32,388 से बढ़कर 33,320 हो गई है।
आयोग ने विज्ञापन संख्या 15/2026 से संबंधित संशोधित नोटिफिकेशन जारी कर नए पदों की जानकारी दी है। इसमें माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अलग-अलग विषयों की रिक्तियां शामिल हैं।
माध्यमिक स्तर पर 493 पद बढ़े
संशोधित भर्ती विवरण के अनुसार कक्षा 9वीं से 10वीं तक के माध्यमिक विद्यालयों में कुल 493 नए पद जोड़े गए हैं। इनमें विद्यालय अध्यापक के साथ विशेष विद्यालय अध्यापक के पद भी शामिल हैं।
इन पदों में बांग्ला, ललित कला, नृत्य, मैथिली, विशेष विद्यालय अध्यापक, अरबी, फारसी और संगीत जैसे विषय शामिल किए गए हैं।
उच्च माध्यमिक में 439 नई रिक्तियां
कक्षा 11वीं से 12वीं तक के उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए 439 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं। इन रिक्तियों में बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी और फारसी जैसे विषय शामिल हैं।
इस तरह माध्यमिक और उच्च माध्यमिक दोनों स्तरों को मिलाकर 932 पदों की वृद्धि हुई है।
अब 33,320 पदों पर होगी भर्ती
TRE 4.0 के शुरुआती विज्ञापन में शिक्षा विभाग के लिए 32,388 विद्यालय अध्यापक पद निर्धारित किए गए थे। नए पद जोड़ने के बाद कुल रिक्तियां बढ़कर 33,320 हो गई हैं।
आयोग के अनुसार, रिक्तियों की जिलेवार, विषयवार और कोटिवार जानकारी संशोधित भर्ती विवरण में उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन या परीक्षा से जुड़ी तैयारी करते समय संशोधित रिक्तियों को जरूर देखना चाहिए।
शिक्षक का वेतन कितना होगा?
इन पदों पर चयनित विद्यालय अध्यापकों को निर्धारित वेतनमान के अनुसार करीब ₹31,000 से ₹32,000 प्रतिमाह का मूल वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी देय होंगे।
CTET और STET के अंकों को लेकर क्या है नियम?
BPSC ने शिक्षक पात्रता परीक्षा से जुड़े न्यूनतम अंकों के नियम भी स्पष्ट किए हैं।
CTET उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अंक:
- सामान्य वर्ग: 60 प्रतिशत
- पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग की महिला अभ्यर्थी: 55 प्रतिशत
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थी: 50 प्रतिशत
वहीं STET Paper-1 और Paper-2 के अभ्यर्थियों के लिए संबंधित शिक्षक पात्रता परीक्षा में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित उत्तीर्णांक लागू होंगे।
बिहार से बाहर के महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सामान्य वर्ग के निर्धारित न्यूनतम अंकों का नियम लागू होगा।
यह भी पढ़ें: Railway Ticket Checking Rule: 1 अक्टूबर से सफर में Original ID रखना जरूरी, जानें कौन-कौन से पहचान पत्र मान्य
अभ्यर्थी संशोधित नोटिफिकेशन जरूर देखें
BPSC TRE 4.0 में पदों की संख्या बढ़ने से उम्मीदवारों के लिए भर्ती का दायरा बढ़ गया है। खासतौर पर जिन विषयों में नई रिक्तियां जोड़ी गई हैं, उनके अभ्यर्थियों को संशोधित विज्ञापन में विषयवार और कोटिवार पदों की जानकारी ध्यान से देखनी चाहिए।








