Flydubai Flight Emergency: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उस समय गंभीर स्थिति पैदा हो गई, जब कॉकपिट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमला कर दिया गया। घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए। विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा, लेकिन कुछ ही समय में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और विमान की सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
ताजा रिपोर्टों के मुताबिक विमान में करीब 174 यात्री सवार थे और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना के बाद सऊदी अधिकारियों ने आरोपी सह-पायलट को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
कॉकपिट में क्या हुआ?
रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार और सह-पायलट के बीच झड़प हुई। इसी दौरान कैप्टन घायल हो गए और विमान की ऊंचाई तेजी से कम होने लगी।
फ्लाइट-ट्रैकिंग आंकड़ों के मुताबिक विमान कुछ ही समय में करीब 14,000 फीट नीचे आया। इसके बाद इमरजेंसी संकेत भेजे गए और विमान को तबूक की ओर मोड़ दिया गया।
दो रिलीफ पायलटों ने संभाली कमान
इस घटना में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका विमान में यात्री के रूप में मौजूद दो अन्य फ्लाईदुबई रिलीफ पायलटों की रही। स्थिति बिगड़ने के बाद वे कॉकपिट तक पहुंचे और विमान को स्थिर करने में मदद की।
इसके बाद विमान को तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि विमान में मौजूद ऑन-ड्यूटी क्रू ने स्थिति को संभालने में मदद की और विमान को सुरक्षित रूप से डायवर्ट किया गया।
भारतीय पायलट स्मित माछर की भी अहम भूमिका
कैप्टन स्मित मच्छार को इस घटना के दौरान उनकी भूमिका के लिए सराहा जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू के अन्य सदस्यों को अंदर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने का मौका मिला।
इसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर सह-पायलट को काबू में किया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन माछर की बहादुरी की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है।
विमान की तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग
घटना के बाद फ्लाईदुबई की फ्लाइट को तेल अवीव ले जाने के बजाय सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। विमान वहां सुरक्षित उतरा और सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया।
बाद में यात्रियों को उनके गंतव्य तेल अवीव पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई।
क्या यह आतंकी हमला था?
घटना के कारणों की जांच अभी जारी है। कुछ इजराइली अधिकारियों ने इसे संभावित आतंकी घटना के नजरिए से भी देखा है, लेकिन हमले की मंशा और घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी जांच का विषय है।
इजराइली अधिकारियों के अनुसार सह-पायलट को सऊदी अरब में हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इसलिए इस घटना को अंतिम रूप से आतंकवादी हमला घोषित करना अभी जल्दबाजी होगी।
फ्लाइट में सवार सभी यात्री सुरक्षित
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। गंभीर स्थिति के बावजूद विमान को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और तबूक में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
यह भी पढ़ें: BPSC TRE 4.0: शिक्षक भर्ती में 932 पद बढ़े, अब 33,320 पदों पर होगी नियुक्ति
यह घटना विमान के कॉकपिट में सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर भी कई सवाल खड़े करती है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।









