रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 17 कोच वाली इस ट्रेन को 23 नवंबर को भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री ऑनलाइन माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। जनकपुरधाम से यह हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी।
जनकपुरधाम से अयोध्या जाने वाली ट्रेन का टाइम टेबल
ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे नेपाल के जनकपुरधाम से अपनी यात्रा शुरू करेगी। निर्धारित समय के अनुसार, यह दोपहर 2:10 बजे जयनगर, शाम 7 बजे सीतामढ़ी और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन गोरखपुर से रविवार सुबह 3:55 बजे गुजरेगी और सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस तरह जनकपुरधाम से अयोध्या तक का सफर रातभर में पूरा किया जा सकेगा।
अयोध्या से जनकपुरधाम वापसी का शेड्यूल
वापसी यात्रा के लिए ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह रात 10:13 बजे गोरखपुर और देर रात 1:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। इसके बाद मंगलवार सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचने के बाद दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वापसी के दौरान ट्रेन जयनगर स्टेशन पर सुबह 8:45 बजे पहुंचेगी और वहां से 10:45 बजे रवाना होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
जनकपुरधाम और अयोध्या कैंट के बीच चलने वाली इस एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव दोनों देशों के कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें जयनगर, मधुबनी, दरभंगा का शीशो स्टेशन, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्याधाम शामिल हैं।
ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जयनगर में किया जाएगा। इसके अलावा नरकटियागंज और गोरखपुर स्टेशनों पर पानी भरने की व्यवस्था भी रहेगी।
यात्रियों को मिलेगा केवल कन्फर्म टिकट
इस ट्रेन में यात्रियों के लिए टिकट व्यवस्था भी अलग रखी गई है। रेलवे की जानकारी के अनुसार, इसमें आरएसी (RAC) और वेटिंग टिकट जारी नहीं किए जाएंगे। यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट ही उपलब्ध होंगे। इससे सीट की उपलब्धता को लेकर यात्रा से पहले स्थिति स्पष्ट रहेगी।
धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
जनकपुरधाम और अयोध्या दोनों ही धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल हैं। जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में मान्यता प्राप्त है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से धार्मिक यात्राओं और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: स्वामित्व योजना: 31 मार्च 2027 तक सभी लक्ष्य पूरे करने का निर्देश
यह रेल सेवा भारत और नेपाल के बीच लोगों के आवागमन को आसान बनाने के साथ दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती दे सकती है। ट्रेन के संचालन से बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।








