इसी तरह के साइबर जोखिमों को लेकर गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web यूजर्स को सतर्क किया है। एडवाइजरी में बताया गया है कि सार्वजनिक या दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर अकाउंट लॉगिन छोड़ना आपकी निजता के साथ-साथ आपके संपर्कों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।
लॉगिन रह गया तो दूसरे व्यक्ति को मिल सकता है आपकी चैट का एक्सेस
यदि आपने किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web खोला और लॉगआउट किए बिना वहां से चले गए, तो आपका अकाउंट उस डिवाइस पर सक्रिय रह सकता है। इसका फायदा उठाकर कोई दूसरा व्यक्ति आपकी व्यक्तिगत चैट पढ़ सकता है, ग्रुप में होने वाली बातचीत देख सकता है और आपके नाम से किसी को भी मैसेज भेज सकता है।
इसका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए भी किया जा सकता है। ठग आपके अकाउंट से दोस्तों, रिश्तेदारों या सहकर्मियों को संदेश भेजकर पैसों की मांग कर सकते हैं। चूंकि संदेश आपके वास्तविक WhatsApp अकाउंट से आएगा, इसलिए प्राप्तकर्ता के लिए उस पर संदेह करना मुश्किल हो सकता है। इस तरह एक व्यक्ति की लापरवाही कई अन्य लोगों को भी धोखाधड़ी का शिकार बना सकती है।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
I4C ने यूजर्स को साझा और सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है। यदि किसी जरूरी काम के लिए ऐसा करना पड़े, तो कुछ सुरक्षा उपाय अपनाना बेहद जरूरी है।
- साझा कंप्यूटर पर लॉगिन से बचें: ऑफिस के ऐसे सिस्टम, साइबर कैफे या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web न खोलें, जिनका इस्तेमाल कई लोग करते हैं।
- लॉगआउट करना न भूलें: काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web से बाकायदा लॉगआउट करें। केवल ब्राउजर बंद करने से अकाउंट सुरक्षित रूप से लॉगआउट नहीं होता।
- प्राइवेट मोड का इस्तेमाल करें: किसी अन्य भरोसेमंद कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी हो, तो Incognito या Private Browsing मोड का उपयोग करें। इसके बावजूद ब्राउजर बंद करने से पहले लॉगआउट जरूर करें।
- गोपनीय जानकारी साझा न करें: सरकारी कामकाज, कार्यालय के संवेदनशील दस्तावेज या निजी जानकारियां साझा कंप्यूटर के जरिए WhatsApp पर भेजने से बचें।
- अनजान डिवाइस से दूरी रखें: साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी अनजान व्यक्ति के कंप्यूटर पर अपना WhatsApp अकाउंट लॉगिन न करें।
- अकाउंट से भेजे जा रहे संदेशों पर नजर रखें: यदि आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिनके बारे में आपको जानकारी नहीं है, तो इसे संभावित अनधिकृत इस्तेमाल का संकेत समझें।
डिवाइस और ब्राउजर अपडेट रखना भी जरूरी
सिर्फ लॉगआउट करना ही पर्याप्त नहीं है। अपने कंप्यूटर, वेब ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को समय-समय पर अपडेट करते रहें। किसी अनजान स्रोत से फाइल डाउनलोड करने या संदिग्ध लिंक खोलने से भी बचें।
यदि आपको संदेह है कि किसी दूसरे कंप्यूटर पर आपका WhatsApp अकाउंट लॉगिन रह गया है, तो अपने फोन में WhatsApp के Linked Devices सेक्शन में जाकर जुड़े हुए डिवाइस की जांच करें और अनजान या अनावश्यक डिवाइस को लॉगआउट कर दें।
यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल के बीच 8 अहम समझौते, पीएम मोदी ने नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की सहायता देने का किया ऐलान
WhatsApp Web ने कंप्यूटर पर मैसेजिंग को आसान बनाया है, लेकिन इसका इस्तेमाल करते समय सुरक्षा की अनदेखी भारी पड़ सकती है। इसलिए किसी भी साझा डिवाइस पर अकाउंट खोलने से पहले सावधानी बरतें और काम पूरा होते ही लॉगआउट करना अपनी आदत बनाएं।






