लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘दामाद जी’ के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता आसिफ खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। दो दिन पहले उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस वक्त वे हॉस्पिटल में डॉक्टर्स की निगरानी में हैं और धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं।
अस्पताल से खुद दी जानकारी
आसिफ खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो इंस्टा स्टोरीज़ शेयर करते हुए स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे बीते 36 घंटे से अस्पताल में भर्ती हैं और इस दौरान उन्हें जिंदगी की असली अहमियत का अहसास हुआ है।
क्या बोले आसिफ?
अपनी पहली स्टोरी में आसिफ ने दिल को छू लेने वाली बात लिखी: “पिछले 36 घंटों में जो कुछ देखा और महसूस किया, उससे समझ आया कि जिंदगी कितनी छोटी और अनमोल है। कोई भी दिन हल्के में लेने लायक नहीं है। हर पल में बहुत कुछ बदल सकता है। जो आपके पास है और जो आप हैं, उसके लिए आभार व्यक्त करें। ये याद रखें कि आपके जीवन में कौन-कौन मायने रखता है, और उन्हें कभी मत भूलिए। जिंदगी वाकई एक तोहफा है।”
दूसरी स्टोरी में उन्होंने अपने स्वास्थ्य की स्थिति को लेकर ताजा अपडेट देते हुए लिखा: “कुछ घंटों पहले तबीयत बिगड़ने के चलते अस्पताल आना पड़ा, लेकिन अब काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। आप सभी के प्यार और दुआओं के लिए दिल से शुक्रिया। जल्द ही मिलूंगा आप सबसे। तब तक अपनी दुआओं में याद रखिए।”
अभिनय से दर्शकों के दिलों में बनाई जगह
आसिफ खान को सबसे ज्यादा पहचान मिली वेब सीरीज ‘पंचायत’ से, जिसमें उन्होंने ‘दामाद जी’ का किरदार निभाया था। इस रोल के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। इसके अलावा वे ‘पाताल लोक’ में जयदीप अहलावत के साथ भी नजर आए थे।
आसिफ ने कई फिल्मों में भी अभिनय किया, जिनमें ‘काकुड़ा’ और ‘द भूतनी’ जैसी फिल्मों में उनकी मौजूदगी सराही गई।
फैंस और सेलेब्रिटीज कर रहे दुआएं
आसिफ की तबीयत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री के साथी कलाकारों की ओर से दुआओं और शुभकामनाओं का तांता लग गया है। हर कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्रालय: समोसा, जलेबी और लड्डू पर चेतावनी लेबल की खबरें भ्रामक
आसिफ खान का यह अनुभव एक जागरूक करने वाला संदेश है कि सेहत की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने न केवल अपने फैंस को हेल्थ को लेकर सोचने का संदेश दिया है, बल्कि यह भी जताया कि जिंदगी हर पल अनमोल है। फैंस अब बस यही प्रार्थना कर रहे हैं कि आसिफ जल्द से जल्द स्वस्थ होकर फिर से स्क्रीन पर लौटें और दर्शकों का मनोरंजन करते रहें।










