गुजरात की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बोटाद से आप विधायक उमेश मकवाना ने पार्टी के दो प्रमुख पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने गुजरात विधानसभा में ‘चीफ व्हिप’ और पार्टी के ‘राष्ट्रीय संयुक्त सचिव’ जैसे महत्वपूर्ण पदों से खुद को अलग कर लिया है। हालांकि उन्होंने यह साफ किया है कि वे विधायक बने रहेंगे और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता नहीं छोड़ेंगे।
पार्टी की विचारधारा से हटने का आरोप
उमेश मकवाना ने अपने इस्तीफे के पीछे की वजह बताते हुए कहा है कि पार्टी अब अपनी मूल विचारधारा से भटक चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब पार्टी में उन मूल्यों की जगह नहीं रही, जिनके आधार पर वह जुड़ाव महसूस करते थे। इसी कारण उन्होंने ये कठोर कदम उठाया।
केजरीवाल को लिखी चिट्ठी
उमेश मकवाना ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा है, “जय भारत, मैं पिछले ढाई वर्षों से पार्टी में राष्ट्रीय संयुक्त सचिव के रूप में काम कर रहा हूं और साथ ही गुजरात विधानसभा में चीफ व्हिप की भूमिका भी निभा रहा हूं। लेकिन अब सामाजिक सेवाओं में मेरी भागीदारी कम हो गई है, इस वजह से मैं सभी जिम्मेदारियों से मुक्त होने का अनुरोध करता हूं। मैं एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी का साथ देता रहूंगा।”

पार्टी में मचा हलचल
उमेश मकवाना के इस फैसले से गुजरात में आम आदमी पार्टी के भीतर हलचल मच गई है। हाल ही में विसावदर सीट पर पार्टी को मिली जीत के बाद जहां AAP जश्न मना रही थी, वहीं अब यह इस्तीफा पार्टी के लिए चिंतन का विषय बन गया है। पार्टी नेतृत्व की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
क्या आगे और भी होंगे बदलाव?
मकवाना के इस्तीफे से यह सवाल उठ रहा है कि क्या पार्टी के भीतर और भी नेता इसी तरह असंतोष जता सकते हैं? क्या यह पार्टी के अंदरूनी मतभेदों की शुरुआत है या सिर्फ व्यक्तिगत निर्णय?
यह भी पढ़ें 10वीं की बोर्ड परीक्षा अब साल में दो बार होगी, CBSE का बड़ा फैसला
फिलहाल, उमेश मकवाना का यह कदम न सिर्फ गुजरात बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर AAP के भविष्य की राजनीति पर असर डाल सकता है।









