जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह फैसला जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया। अदालत ने कहा कि बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में सजा माफी (रेमिशन) नीति में जो बदलाव किया, उसके पीछे कोई स्पष्ट और वैध सार्वजनिक उद्देश्य नजर नहीं आता। हालांकि, कोर्ट ने राज्य सरकार को पीड़ित परिवार को सुनवाई का अवसर देने के बाद रेमिशन पर नए सिरे से विचार करने की प्रक्रिया शुरू करने की छूट दी है।
1994 में हुई थी गोपालगंज के DM जी. कृष्णैया की हत्या
यह मामला दिसंबर 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी रहे आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की एक भीड़ ने हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। निचली अदालत ने वर्ष 2007 में उन्हें मृत्युदंड सुनाया था, जिसे पटना हाईकोर्ट ने 2008 में आजीवन कारावास में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2012 में आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था।
बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में जेल मैनुअल के नियमों में संशोधन किया। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को भी समयपूर्व रिहाई के लिए विचार के दायरे में शामिल कर लिया गया। इसी बदलाव के बाद आनंद मोहन को 24 अप्रैल 2023 को जेल से रिहा कर दिया गया था। उनकी रिहाई के समय तक वह करीब 14 साल जेल में बिता चुके थे।
बिहार सरकार की 2023 की नीति में बदलाव को बताया असंवैधानिक
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 के संशोधन पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत के अनुसार, यह बदलाव बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य और पर्याप्त औचित्य के अचानक किया गया था। राज्य सरकार यह साबित नहीं कर सकी कि इस संशोधन के पीछे कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक हित था।
पीठ ने कहा कि इस तरह का मनमाना बदलाव संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन करता है। अनुच्छेद 14 समानता के अधिकार और अनुच्छेद 21 जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार से संबंधित है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि सजा में छूट देने का फैसला केवल दोषी के लंबे समय तक जेल में रहने या समाज में दोबारा शामिल होने की संभावना के आधार पर नहीं किया जा सकता। ऐसे मामलों में सभी संबंधित पक्षों के अधिकारों और परिस्थितियों पर विचार करना जरूरी है।
पीड़ित परिवार को भी सुनवाई का अधिकार
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में पीड़ित और उसके परिवार के अधिकारों को भी महत्वपूर्ण माना। अदालत ने कहा कि अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार की व्याख्या केवल दोषी तक सीमित नहीं है। इसमें पीड़ित के अधिकार भी शामिल हैं। यदि पीड़ित की मृत्यु हो चुकी है, तो उसके परिवार के अधिकारों को भी ध्यान में रखना होगा।
पीठ के मुताबिक, सजा में छूट पर फैसला लेते समय दोषी और पीड़ित परिवार, दोनों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। किसी एक पक्ष के अधिकारों को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि रेमिशन की प्रक्रिया में पीड़ित परिवार को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। हालांकि, परिवार की आपत्ति को अंतिम वीटो नहीं माना जा सकता। यानी सरकार को उनकी बात सुननी होगी, लेकिन निर्णय सभी प्रासंगिक तथ्यों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर ही लिया जाएगा।
उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती
जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने बिहार सरकार के फैसले और आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी याचिका में आरोप लगाया गया था कि सरकार ने रिहाई का फैसला लेते समय जरूरी तथ्यों और परिस्थितियों पर उचित विचार नहीं किया।
सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए आनंद मोहन की रिहाई से जुड़े फैसले को रद्द कर दिया है। फिलहाल पूर्व सांसद को एक महीने के भीतर जेल में सरेंडर करना होगा। वहीं, बिहार सरकार चाहे तो पीड़ित परिवार को सुनवाई का अवसर देकर लागू कानूनी नीति के अनुसार रेमिशन पर नई प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
यह नहीं पढ़ें: भारत में हर दूसरी महिला एनीमिया से प्रभावित, छत्तीसगढ़-बंगाल और पंजाब में 70% से ज्यादा मामले: ICMR रिपोर्ट
इस फैसले के बाद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश प्रभावी नहीं रहेगा और आगे की कार्रवाई राज्य सरकार के कानूनी निर्णय पर निर्भर करेगी।








