जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने विधायक दल के नए नेता के रूप में वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार के नाम पर मुहर लगा दी है। यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति के बाद लिया गया।
अनुभवी नेता पर जताया भरोसा
श्रवण कुमार लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और उन्हें संगठन का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है। वे नालंदा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और 1995 से लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं। समता पार्टी के दौर से ही उनका राजनीतिक सफर नीतीश कुमार के साथ जुड़ा रहा है।
मंत्री के रूप में लंबा अनुभव
पूर्व में वे राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं और ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी लंबे समय तक संभाल चुके हैं। माना जा रहा है कि नई सरकार में भी उन्हें इसी क्षेत्र से जुड़ी अहम भूमिका मिल सकती है।
औपचारिक प्रक्रिया पूरी
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार की मंजूरी मिलने के बाद श्रवण कुमार के नाम का प्रस्ताव विधानसभा भेजा गया था। अब इसे लेकर आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद यह पद खाली हो गया था, जिसे भरने के लिए हाल ही में पार्टी के भीतर बैठक हुई थी।
सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव
हाल ही में राज्य के गृह विभाग ने श्रवण कुमार को ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को ‘जेड’ और पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को भी उच्च सुरक्षा श्रेणी प्रदान की गई है।
यह भी पढ़ें: सीएम सम्राट चौधरी ने पलटा पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का फैसला
राजनीतिक संदेश क्या?
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह फैसला पार्टी के भीतर अनुभव और भरोसे को प्राथमिकता देने का संकेत है। श्रवण कुमार की नियुक्ति से जेडीयू संगठन को स्थिरता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य की राजनीति में तेज़ बदलाव देखने को मिल रहे हैं।









