Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी से एक बड़ी खबर आ रही है। सोमवार को समाजवादी पार्टी (एसपी) ने कथित ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के चलते अपने तीन मौजूदा विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी ने इन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
निष्कासित किए गए नेताओं में शामिल हैं
- अभय सिंह (गोसाईगंज विधायक)
- राकेश प्रताप सिंह (गौरीगंज विधायक)
- मनोज कुमार पांडेय (उंचाहार विधायक)
समाजवादी पार्टी ने अपने बयान में कहा कि इन विधायकों के आचरण में बार-बार ऐसी गतिविधियां देखी गईं जो पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धताओं के खिलाफ थीं।
Abhay Singh, Rakesh Pratap Singh, Manoj Kumar Pandey
यह भी पढ़ें- बाइक-स्कूटी वालों के लिए Good News! अब ABS और 2 हेलमेट होंगे अनिवार्य
अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी ने आरोप लगाया कि ये विधायक ऐसी गतिविधियों में शामिल थे जो ‘सांप्रदायिक और विभाजनकारी राजनीति’ को बढ़ावा देती हैं और ‘किसान विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी और व्यापार विरोधी नीतियों’ का समर्थन करती हैं, जो समाजवादी पार्टी की मूल विचारधारा के खिलाफ हैं।
पार्टी ने कहा कि इन विधायकों को अपने व्यवहार में सुधार लाने के कई अवसर दिए गए, लेकिन वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे।
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘समाजवादी पार्टी जनहित में निम्नलिखित विधायकों को उनकी सांप्रदायिक, विभाजनकारी नकारात्मकता और किसान, महिला, युवा, व्यापार, पेशेवर व ‘एंटी-PDA’ विचारधारा के समर्थन के कारण पार्टी से निष्कासित करती है, जो कि समाजवादी समरस सकारात्मक विचारधारा के खिलाफ है।
इन लोगों को जो समय दिया गया था, वह अब पूरा हो चुका है, बाकी समय केवल उनके अच्छे आचरण के कारण बची हुई थी। भविष्य में भी पार्टी में ‘जनविरोधी’ लोगों के लिए कोई स्थान नहीं होगा और पार्टी की मूल विचारधारा के खिलाफ गतिविधियों को हमेशा अक्षम्य माना जाएगा।’









