देश की सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। कंपनी आने वाले दिनों में अपनी 3G सेवाओं को पूरी तरह बंद कर सकती है। दरअसल, BSNL काफी समय से 4G नेटवर्क के विस्तार पर काम कर रही है और अब इसकी कवरेज लगभग देशभर में पूरी होने के करीब है। इसी वजह से 3G नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का फैसला लिया जा रहा है।
फिलहाल देश के कई शहरों और कस्बों में BSNL की 3G सेवा चालू है, जिसे बड़ी संख्या में उपभोक्ता इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन कंपनी अब पुराने नेटवर्क से आगे बढ़कर नई तकनीक पर फोकस कर रही है।
ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
BSNL के इस कदम का असर सीधे उन यूजर्स पर पड़ेगा, जो अभी भी 3G या 2G सिम का इस्तेमाल कर रहे हैं। TRAI के आंकड़ों के अनुसार, BSNL के करोड़ों ग्राहक अभी तक पुराने नेटवर्क पर निर्भर हैं।
अगर आप भी BSNL का 3G सिम चला रहे हैं, तो आने वाले समय में आपको सिम को 4G में अपग्रेड कराना होगा। वहीं, जिन यूजर्स के पास 4G या 5G सपोर्ट वाला मोबाइल फोन नहीं है, उन्हें नया हैंडसेट लेने की जरूरत पड़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने सभी सर्किलों को निर्देश दिए हैं कि जहां 4G नेटवर्क की उपलब्धता पूरी हो चुकी है, वहां 3G सेवा बंद की जा सकती है।
4G नेटवर्क में कितनी हुई प्रगति?
BSNL ने इस साल के अंत तक देशभर में करीब एक लाख 4G टावर लगाने का लक्ष्य रखा था। अब तक लगभग 97 हजार टावर लगाए जा चुके हैं, जिससे 4G कवरेज तेजी से बढ़ी है। खास बात यह है कि यह पूरा नेटवर्क स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और इसे 5G के लिए भी तैयार किया गया है।
5G की ओर अगला कदम
4G नेटवर्क के पूरी तरह चालू होने के बाद BSNL 5G सेवाओं पर काम शुरू करेगी। माना जा रहा है कि अगले साल कंपनी अपनी 5G सेवा की शुरुआत कर सकती है। इससे BSNL को निजी टेलीकॉम कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा में मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: बिहार सरकार अंतरजातीय विवाह करने वालों को देती है इतना पैसा
BSNL का यह फैसला डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, हालांकि इससे पुराने नेटवर्क पर निर्भर यूजर्स को बदलाव के लिए तैयार रहना होगा।









