Delhi Police arrest Chaitanyanand Saraswati: दिल्ली पुलिस ने रविवार को डर्टी बाबा चैतन्यानंद सरस्वती को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी यौन उत्पीड़न के मामले से जुड़ी है, साथ ही कथित बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की जांच से भी संबंधित है। चैतन्यानंद सरस्वती की गिरफ्तारी उनकी अग्रिम जमानत अर्जी दिल्ली की एक अदालत द्वारा खारिज किए जाने के कुछ ही समय बाद हुई।
जांचकर्ताओं का कहना है कि यह मामला शृंगेरी शारदा पीठ और उसकी शैक्षिक इकाई श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडियन मैनेजमेंट रिसर्च (SIIMR), दिल्ली से जुड़े फंड की कथित हेराफेरी से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें- ‘गॉडमैन’ स्वामी चैतन्यनंद सरस्वती पर 16 छात्राओं से यौन शोषण के आरोप, अश्लील मैसेज और..
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार को चैतन्यानंद सरस्वती की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज वित्तीय अनियमितताओं के मामले में अग्रिम जमानत की मांग की थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (ASJ) डॉ. हरदीप कौर ने आरोपी, शिकायतकर्ता और दिल्ली पुलिस की दलीलें सुनने के बाद यह अर्जी खारिज कर दी।
इस मामले में करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और शृंगेरी शारदा पीठ से जुड़े फंड की हेराफेरी को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। अभियोजन पक्ष और शिकायतकर्ता का आरोप है कि सरस्वती ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक फर्जी ट्रस्ट बनाया, दस्तावेज़ों में हेरफेर की, जिसमें AICTE की स्वीकृतियां भी शामिल थीं, और पीठ एवं उसके शैक्षणिक संस्थान श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट रिसर्च के लिए आने वाली आय को डायवर्ट कर दिया।
दिल्ली पुलिस का आरोप है कि उन्होंने वसंत कुंज की जमीन को अवैध रूप से सबलेट किया, करीब 40 करोड़ रुपये की हेराफेरी की, और अलग-अलग नामों से बैंक खाते संचालित किए।









