लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ ने अब अपने घरेलू करियर में बड़ा कदम उठाया है। 25 वर्षीय शॉ ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की मांग की थी, जिसे एसोसिएशन ने मंजूरी दे दी है। इसका अर्थ यह है कि शॉ आगामी घरेलू सत्र में किसी अन्य राज्य क्रिकेट संघ की ओर से मैदान में उतर सकते हैं।
MCA को लिखे गए पत्र में बताई नई दिशा की वजह
पृथ्वी शॉ ने MCA को भेजे गए पत्र में लिखा है कि उन्हें एक अन्य राज्य संघ की ओर से बेहतर पेशेवर अवसर मिला है, जिससे वह अपने क्रिकेट करियर को नई दिशा में आगे बढ़ाना चाहते हैं। शॉ ने लिखा, “करियर के इस मोड़ पर मुझे एक अन्य स्टेट एसोसिएशन से पेशेवर क्रिकेट खेलने का अवसर मिला है। मुझे विश्वास है कि इससे मैं एक क्रिकेटर के रूप में और विकसित हो सकूंगा। इसलिए कृपया मुझे NOC जारी किया जाए।”
फिटनेस बनी रही करियर में बाधा
पृथ्वी शॉ का नाम भले ही टैलेंटेड क्रिकेटर्स में शुमार रहा हो, लेकिन उनकी फिटनेस और फॉर्म ने उनके करियर में बार-बार अड़चन डाली है। पिछले साल रणजी ट्रॉफी में फिटनेस मानकों पर खरे न उतरने के कारण उन्हें मुंबई टीम से बाहर कर दिया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी बॉडी फैट करीब 35 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, जिसे लेकर चयनकर्ताओं ने सख्त रुख अपनाया।
इसके बाद उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी 2024 की टीम में भी नहीं चुना गया। टीम मैनेजमेंट ने साफ कर दिया था कि जब तक पृथ्वी अपनी फिटनेस में सुधार नहीं करेंगे, उन्हें टीम में मौका नहीं मिलेगा।

इंटरनेशनल करियर की झलक
पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 मुकाबला खेला है।
- टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 42.37 की औसत से 339 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं।
- वनडे में उनके नाम 189 रन हैं, जबकि एकमात्र टी20 मुकाबले में वे शून्य पर आउट हो गए थे।
शॉ ने अपना आखिरी लिस्ट-ए मैच 2022 में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान खेला था। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड की काउंटी टीम नॉर्थेम्पटनशायर से खेलते हुए पांच पारियों में 97, 72, 9, 23 और 17 रन बनाए थे। हालांकि इन प्रदर्शनों ने उन्हें भारतीय टीम में वापसी का टिकट नहीं दिलाया।
अब कहां से खेलेंगे पृथ्वी शॉ?
अभी तक यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुआ है कि पृथ्वी शॉ किस राज्य की टीम से खेलेंगे, लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें किसी अन्य राज्य क्रिकेट संघ से पेशकश मिल चुकी है। जल्द ही उनके नए घरेलू ठिकाने की घोषणा हो सकती है।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में ज़मीन विवाद ने ली एक की जान, चली गोलियां
कभी भारत के भविष्य के सलामी बल्लेबाज़ माने जा रहे पृथ्वी शॉ के लिए यह एक नया अध्याय साबित हो सकता है। जहां एक ओर उन्हें फिटनेस और प्रदर्शन के चलते कई आलोचनाएं झेलनी पड़ी हैं, वहीं दूसरी ओर अब उन्हें एक नया मौका मिला है खुद को दोबारा साबित करने का। देखना होगा कि वह इस मौके को कैसे भुनाते हैं और क्या एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी पहनने का सपना साकार कर पाते हैं या नहीं।









