भारतीय क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। मिजोरम के पूर्व रणजी क्रिकेटर के. लालरेमरूआटा का गुरुवार को मैच के दौरान निधन हो गया। लोकल क्रिकेट मुकाबले में खेलते समय उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद मैदान पर ही उनकी जान चली गई। इस घटना से मिजोरम समेत पूरे क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर फैल गई है।
बल्लेबाजी के बाद अचानक बिगड़ी हालत
38 वर्षीय के. लालरेमरूआटा एक स्थानीय सेकेंड डिविजन टूर्नामेंट में वेंगनुआइ रेडर्स क्रिकेट क्लब की ओर से खेल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बल्लेबाजी समाप्त करने के बाद जब वह पवेलियन लौट रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। वह मैदान पर गिर पड़े और उन्हें तत्काल मदद दी गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
मिजोरम क्रिकेट का जाना-पहचाना चेहरा
लालरेमरूआटा मिजोरम क्रिकेट के प्रमुख खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने दो बार रणजी ट्रॉफी में राज्य का प्रतिनिधित्व किया था और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी सात मैच खेले थे। घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ वे स्थानीय क्लब क्रिकेट में भी सक्रिय रहे और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।
क्रिकेट संघ ने जताया शोक
मिजोरम क्रिकेट संघ (एमसीए) ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। संघ ने बयान जारी कर कहा कि लालरेमरूआटा का जाना मिजोरम क्रिकेट के लिए अपूरणीय क्षति है। एमसीए ने उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि वह हमेशा अनुशासित, मेहनती और समर्पित खिलाड़ी रहे।
राज्य सरकार और खेल जगत की प्रतिक्रिया
मिजोरम के खेल एवं युवा सेवा मंत्री लालघिंगलोवा हमार ने भी इस घटना पर शोक जताया। उन्होंने बताया कि मैच के दौरान लालरेमरूआटा को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद वह अचानक गिर पड़े। मंत्री ने कहा कि खेल के मैदान पर इस तरह एक खिलाड़ी का निधन बेहद दुखद है और उन्होंने दिवंगत खिलाड़ी के परिवार, मित्रों और क्रिकेट समुदाय के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ीं
के. लालरेमरूआटा का अचानक यूं चले जाना न सिर्फ उनके परिवार बल्कि मिजोरम क्रिकेट के लिए भी एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।









