IPL 2026 में गुरुवार शाम क्रिकेट प्रेमियों को एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा, जब मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रन बरसने की पूरी उम्मीद है।
MI की वापसी की कोशिश
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद टीम लगातार चार मैच हार गई। हालांकि पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर टीम ने जोरदार वापसी की। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में एमआई अब अपने घरेलू मैदान पर जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। फिलहाल टीम 6 मैचों में 4 अंक के साथ अंकतालिका में सातवें स्थान पर है।
CSK की उतार-चढ़ाव भरी शुरुआत
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सीजन की शुरुआत निराशाजनक रही थी, जब टीम को शुरुआती तीन मैचों में हार झेलनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने लगातार दो जीत दर्ज कर वापसी की, लेकिन पिछले मैच में SRH के खिलाफ 10 रन से हार का सामना करना पड़ा। सीएसके फिलहाल 6 मैचों में 2 जीत के साथ आठवें स्थान पर है।
धोनी की मौजूदगी पर नजर
इस मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एमएस धोनी प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे या नहीं। इसके अलावा युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की चोट के बाद टीम संयोजन में क्या बदलाव होंगे, इस पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।
पिच रिपोर्ट और मौसम
वानखेड़े स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। इस सीजन में यहां खेले गए मुकाबलों में हर पारी में 190 से ज्यादा रन बने हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग मिल सकती है, जबकि लाल मिट्टी की सतह अतिरिक्त उछाल भी प्रदान करती है। मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश का कोई खतरा नहीं है।
हेड-टू-हेड आंकड़े
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 41 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस ने 22 जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 19 मैच जीते हैं। आंकड़ों के लिहाज से मुकाबला कांटे का नजर आता है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने विवादित पत्र किया रीपोस्ट, भारत-चीन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां
क्या होगा मुकाबले का नतीजा?
दोनों ही टीमें इस समय अंकतालिका में अपनी स्थिति सुधारने की कोशिश में हैं। ऐसे में यह मुकाबला न सिर्फ रोमांचक होने वाला है, बल्कि प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।









