भारतीय शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी का तीसरी बार वर्ल्ड रैपिड चेस खिताब जीतने का सपना बेहद करीब आकर टूट गया। कतर की राजधानी दोहा में रविवार को संपन्न हुई FIDE वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप के महिला वर्ग में हम्पी संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहीं, लेकिन टाई-ब्रेक नियमों के चलते उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
11 राउंड की प्रतियोगिता के बाद हम्पी ने 8.5 अंक जुटाए, जो चीन की झू जिनर और रूस की ग्रैंडमास्टर एलेक्जेंड्रा गोर्याचकिना के बराबर थे। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के टाई-ब्रेक मानकों — बुख़होल्ज कट-1, बुख़होल्ज और विरोधियों की औसत रैपिड रेटिंग — में हम्पी अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों से पीछे रह गईं।
टाई-ब्रेक के आंकड़ों में हम्पी का स्कोर 69, 74 और 2335 रहा, जबकि झू जिनर (72.5, 77.5, 2410) और गोर्याचकिना (71.5, 77, 2360) उनसे आगे रहीं। इसके बाद खिताब के लिए झू और गोर्याचकिना के बीच टाई-ब्रेक मुकाबला हुआ, जिसमें गोर्याचकिना ने 1.5–0.5 से जीत दर्ज कर अपना पहला वर्ल्ड रैपिड खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्हें 40,000 यूरो की पुरस्कार राशि भी मिली।
आखिरी दौर में चूका सुनहरा मौका
हम्पी के लिए निर्णायक साबित हुआ अंतिम राउंड, जहां उनका सामना भारत की युवा खिलाड़ी बी. सविता श्री से हुआ। 18 वर्षीय चेन्नई की इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाया और मुकाबला ड्रॉ कराने में सफल रहीं। यदि हम्पी इस मुकाबले में पूरा अंक हासिल कर लेतीं, तो उनके 9 अंक होते और वह इतिहास रचते हुए तीसरी बार वर्ल्ड रैपिड चैंपियन बन जातीं — ऐसा कारनामा अब तक किसी महिला खिलाड़ी ने नहीं किया है।
मैच में हम्पी एक जीत की स्थिति तक पहुंचीं, लेकिन निर्णायक चाल चूक गईं और 64 चालों के बाद मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन कुल मिलाकर मजबूत रहा। सविता श्री ने 8 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया, जबकि आर. वैशाली भी 8 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। महिला वर्ल्ड कप विजेता दिव्या देशमुख ने 7.5 अंकों के साथ आठवां स्थान पाया, वहीं डी. हरिका 7 अंकों के साथ 19वें स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़ें: ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मांगी माफी…
हालांकि खिताब हम्पी के हाथ से फिसल गया, लेकिन उनका प्रदर्शन एक बार फिर यह साबित करता है कि वह विश्व शतरंज में भारत की सबसे भरोसेमंद और मजबूत खिलाड़ियों में शामिल हैं।









