बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत इन दिनों सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से आधिकारिक निमंत्रण मिला, जिसके बाद वह व्हाइट हाउस में आयोजित भव्य क्रिसमस डिनर का हिस्सा बनीं। इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो मल्लिका ने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जहां उन्होंने अपने अनुभव को बेहद खास और यादगार बताया।
मल्लिका शेरावत ने इंस्टाग्राम पर व्हाइट हाउस के क्रिसमस सेलिब्रेशन की झलकियां शेयर करते हुए लिखा कि इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए “अविश्वसनीय” अनुभव रहा। उन्होंने इस अवसर के लिए आभार भी जताया। कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के कुछ वीडियो क्लिप्स भी उन्होंने अपने पोस्ट में शामिल किए हैं।
व्हाइट हाउस में आयोजित इस डिनर में मल्लिका बेहद ग्लैमरस अंदाज में नजर आईं। उन्होंने पिंक शेड की एक एलिगेंट स्लिप ड्रेस पहनी थी, जिसके साथ सफेद फर जैकेट कैरी की गई थी। उनके लुक को सिंपल क्लच और नेचुरल वेव्स वाले हेयरस्टाइल ने और भी आकर्षक बना दिया। कुछ तस्वीरों में वह व्हाइट हाउस के बाहर पोज देती दिखाई दीं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मल्लिका शेरावत के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने साल 2003 में गोविंद मेनन की फिल्म ‘ख्वाहिश’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि उन्हें असली पहचान अनुराग बसु की फिल्म ‘मर्डर’ से मिली, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया।
इसके बाद उन्होंने ‘प्यार के साइड इफेक्ट्स’, ‘वेलकम’, ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ और ‘आरके/आरके’ जैसी फिल्मों में काम किया। हाल ही में वह फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी भी अहम भूमिकाओं में थे।
यह भी पढ़ें: करप्शन केस में इमरान खान और बुशरा बीबी को पाक कोर्ट ने दी 17 साल की सजा
व्हाइट हाउस के इस खास निमंत्रण के बाद मल्लिका शेरावत एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई हैं, और उनके फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां देते नजर आ रहे हैं।








