Microsoft buys human waste: माइक्रोसॉफ्ट ने 1.7 अरब डॉलर (लगभग 14,025 करोड़ रुपये) की बड़ी डील साइन की है, जिसमें वह गोबर, कृषि अपशिष्ट और मानव अपशिष्ट खरीदेगा। यह कदम AI डेटा सेंटर्स से निकलने वाले कार्बन उत्सर्जन की भरपाई के लिए उठाया गया है। इस डील के तहत माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका की स्टार्टअप कंपनी Vaulted Deep के साथ 12 वर्षों की साझेदारी की है, जिसमें यह जैविक कचरे को 5,000 फीट गहराई में जमीन के नीचे इंजेक्ट करेगी, जिससे 49 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड हटाने का लक्ष्य रखा गया है।
माइक्रोसॉफ्ट मानव अपशिष्ट क्यों खरीद रहा है?
कंपनी की AI सेवाओं के चलते ऊर्जा की खपत और कार्बन उत्सर्जन में भारी इजाफा हुआ है। 2020 से 2024 के बीच माइक्रोसॉफ्ट ने कुल 75.5 मिलियन टन CO2 के बराबर उत्सर्जन किया, जिसमें उसका AI इंफ्रास्ट्रक्चर एक बड़ा कारण रहा। यही वजह है कि कंपनी को ऐसे इनोवेटिव समाधान की ज़रूरत पड़ी।
यह भी पढ़ें- 900 साल पुराना ‘प्रेह विहेयर शिव मंदिर’ थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष का केंद्र क्यों?
Vaulted Deep नामक स्टार्टअप बायोस्लरी नामक पदार्थ एकत्र करता है, जिसमें पेपर मिल, सीवेज सिस्टम और कृषि क्षेत्रों से निकला जैविक कचरा होता है। इसे पीसकर विशेष पंपों की मदद से ज़मीन के भीतर गहराई में इंजेक्ट किया जाता है। इसका उद्देश्य इन अपशिष्टों के प्राकृतिक रूप से विघटन को रोकना है, जिससे मीथेन जैसे ग्रीनहाउस गैसें निकलती हैं, जिनका तापमान बढ़ाने की क्षमता CO2 से चार गुना अधिक होती है।
Vaulted Deep की CEO जूलिया रीचेलस्टीन ने बताया, ‘हम ऐसे जैविक अपशिष्ट को ज़मीन के नीचे स्थायी रूप से दफना रहे हैं, जो अब तक ज़मीन पर समस्या बना हुआ था।’ इससे न केवल ग्रीनहाउस गैसें रुकती हैं, बल्कि पारंपरिक तरीकों से खेतों पर बायोसॉलिड्स फैलाने से जो रासायनिक प्रदूषण (जैसे PFAS) होता है, उससे भी बचा जा सकता है।
2030 तक कार्बन निगेटिव बनना चाहता है माइक्रोसॉफ्ट
माइक्रोसॉफ्ट का लक्ष्य है कि वह 2030 तक कार्बन निगेटिव बने, और 2050 तक उसने स्थापना से लेकर अब तक जितना उत्सर्जन किया है, उससे अधिक ग्रीनहाउस गैसें वातावरण से हटा ले। कंपनी ने इस वर्ष अब तक 59 मिलियन टन कार्बन रिमूवल क्रेडिट खरीद लिए हैं और कुल मिलाकर यह संख्या 83 मिलियन टन तक पहुंच गई है।
माइक्रोसॉफ्ट में एनर्जी और कार्बन रिमूवल के वरिष्ठ निदेशक ब्रायन मार्स ने कहा, “Vaulted Deep एक अनूठा और स्केलेबल तरीका पेश करता है, जिसमें टेक्नोलॉजी रिस्क बेहद कम है।”
इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट ने AtmosClear नाम की कंपनी से 2.36 अरब डॉलर की डील की थी, जो 15 वर्षों में 6.75 मिलियन मीट्रिक टन कार्बन हटाने का वादा करती है। Vaulted Deep के साथ यह डील अब तक की दूसरी सबसे बड़ी कार्बन रिमूवल खरीद मानी जा रही है।









