Air India Flight: जयपुर से मुंबई जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट ने उड़ान भरने के महज 18 मिनट बाद तकनीकी खराबी की वजह से लौटकर फिर से जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्लाइट AI-612 ने दोपहर 1:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन दोपहर 1:58 बजे तकनीकी गड़बड़ी के कारण वापस लौट आई।
पिछले कुछ महीनों से एयर इंडिया की फ्लाइट्स में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी हफ्ते, कोझिकोड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोहा जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को भी तकनीकी गड़बड़ी के चलते उड़ान भरने के कुछ घंटे बाद लौटना पड़ा था।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट IX 375 में चालक दल समेत करीब 188 लोग सवार थे। यह फ्लाइट सुबह 9:07 बजे कोझिकोड एयरपोर्ट से रवाना हुई थी, लेकिन तकनीकी खराबी की सूचना के बाद यह सुबह 11:12 बजे लौट आई। अधिकारी ने बताया कि यह आपात लैंडिंग नहीं थी, बल्कि एहतियात के तौर पर की गई थी।
यह भी पढ़ें- Microsoft ने खरीदा 14,000 करोड़ का मानव मल-मूत्र, कारण जानकर हो जाएंगे हैरान!
एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और फ्लाइट ने रोकी उड़ान
इसी तरह एक और मामला बुधवार देर रात सामने आया, जब दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और फ्लाइट को उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया।
एक अधिकारी के अनुसार, यह फैसला पायलट द्वारा कॉकपिट स्क्रीन में आई गड़बड़ी को देखते हुए लिया गया। ‘हम हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हैं, लेकिन दोहराते हैं कि हमारे सभी ऑपरेशंस में सुरक्षा सर्वोपरि है,’
21 जुलाई 2025 तक भारतीय एयरलाइंस में सामने आए 183 तकनीकी खराबी
सरकार केंद्र सरकार के अनुसार, देश की पांच प्रमुख एयरलाइंस ने 21 जुलाई 2025 तक कुल 183 तकनीकी खामियों की सूचना दी है। लोकसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी गई।
सरकार ने बताया कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मिलकर कुल 85 तकनीकी खामियों की रिपोर्ट की, जबकि इंडिगो ने 62 और आकासा एयर ने 28 खामियों की सूचना दी। स्पाइसजेट ने 8 तकनीकी खामियां दर्ज कीं।
नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ ने कहा, ‘एयरलाइंस द्वारा DGCA को रिपोर्ट की गई सभी खामियों की जांच की जाती है और उसके अनुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं।’
2024 में कुल 421 तकनीकी गड़बड़ियां दर्ज की गई थीं। 2023 में यह संख्या 448 थी, जबकि 2022 में 528 और 2021 में 514 रही थी।









