Israel-Iran conflict: ईरान-इजरायल वॉर का असर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। हैदराबाद के नानकरमगुड़ा स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) और अन्य वामपंथी संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन हुआ। जिसमें कुल 70 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। यह प्रदर्शन ईरान में इज़राइली सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिका सरकार के समर्थन की निंदा के लिए किया गया।
प्रदर्शनकारियों में 63 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने वाणिज्य दूतावास के पास एकत्र होकर अमेरिकी सैन्य सहायता और इज़राइल को राजनीतिक समर्थन के खिलाफ नारेबाजी की और तख्तियां लहराईं।
यह भी पढ़ें- ईरान से निकाले गए 110 भारतीय छात्रों को लेकर विमान दिल्ली पहुंचा, ईरान और इज़राइल के बीच तनाव
सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियोज खूब वायरल हो रहे हैं। जिनमें देखा जा सकता है कि, पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को रोक रहे थे और उन्हें वैन में बैठा रहे थे। हिरासत में लिए जाने के बावजूद कई प्रदर्शनकारी पुलिस की गाड़ियों के अंदर से भी नारेबाजी करते रहे।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई। हिरासत में लिए गए 70 लोगों में से 56 को नारसिंगी थाने ले जाया गया, जबकि बाकी 14 को गचीबौली थाने में रखा गया।
प्रदर्शन में हैदराबाद से 29, रंगा रेड्डी से 35, और संगारेड्डी, खम्मम, आसिफाबाद, नलगोंडा, महबूबनगर और वारंगल से एक-एक प्रदर्शनकारी शामिल हुए। इस बीच, हैदराबाद विश्वविद्यालय के कुछ छात्र भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन उन्हें वाणिज्य दूतावास पहुंचने से पहले ही पुलिस ने रोक लिया।









