उत्तराखंड पंचायत चुनाव से पहले सरकार ने देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के कई वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में जारी इस आदेश में चार जिलों के जिलाधिकारियों समेत कुल 31 आईएएस, 1 आईएफएस, और 24 पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
इस बड़े बदलाव को राज्य में संभावित पंचायत चुनाव की तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि 21 जून को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है, ऐसे में सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को समय रहते दुरुस्त करने की कवायद की है।
जिलाधिकारियों के स्तर पर बड़े बदलाव
- पौड़ी के डीएम आशीष चौहान को हटाकर उन्हें यूकाडा का सीईओ और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण बनाया गया है। उनकी जगह स्वाति एस भदौरिया, जो अब तक एनएचएम की मिशन निदेशक थीं, को नया डीएम पौड़ी नियुक्त किया गया है।
- चंपावत के डीएम नवनीत पांडे को अब अपर सचिव कार्मिक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मनीष कुमार, जो अब तक ऊधमसिंह नगर के सीडीओ थे, को चंपावत का नया डीएम बनाया गया है।
- रुद्रप्रयाग के डीएम सौरभ गहरवार को सिडकुल के एमडी और उद्योग महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह प्रतीक जैन, जो अब तक सिडकुल के एमडी थे, को डीएम रुद्रप्रयाग बनाया गया है।
- उत्तरकाशी के डीएम मेहरबान सिंह बिष्ट को ऊर्जा, सहकारिता और उरेडा निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह प्रशांत कुमार आर्या, जो निदेशक खेल और अपर सचिव बाल विकास के रूप में कार्यरत थे, को उत्तरकाशी का डीएम नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल
- मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को जलागम विभाग से मुक्त कर दिया गया है।
- आईएएस सचिन कुर्वे से पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है।
- डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सहकारिता विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
- डॉ. नीरज खैरवाल से समाज कल्याण विभाग हटाकर उन्हें भाषा विभाग सौंपा गया है।
- श्रीधर बाबू अद्दांकी को समाज कल्याण और श्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
- धीराज सिंह गर्ब्याल से अल्पसंख्यक कल्याण हटाकर पर्यटन विभाग सौंपा गया है।
PCS अधिकारियों में भी व्यापक तबादले
- भरत सिंह फिरमाल को आरएफसी कुमाऊं से हटाकर अपर सचिव सचिवालय सेवा बनाया गया है।
- रामजी शरण शर्मा को कुलसचिव आयुर्वेद विश्वविद्यालय से हटाकर सीडीओ अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है।
- अशोक कुमार जोशी, जो एडीएम ऊधमसिंह नगर थे, अब निदेशक दुग्ध विकास एवं महिला डेरी बनाए गए हैं।
- प्यारे लाल शाह को नगर आयुक्त कोटद्वार, फिंचाराम को एडीएम हरिद्वार और शैलेंद्र नेगी को एडीएम नैनीताल बनाया गया है।
चुनाव से पहले की प्रशासनिक सर्जरी
राज्य सरकार के इस निर्णय को चुनावी तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कई जिलों में नए डीएम की तैनाती से चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और बेहतर नियंत्रण की उम्मीद की जा रही है।
इन तबादलों से यह भी संकेत मिलता है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रशासनिक सुधारों को लेकर सक्रिय हैं और चुनावी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मजबूत अफसरशाही की तैनाती चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: स्वरा भास्कर ने राहुल गांधी को बताया भारतीय राजनीति का सबसे बेहतर इंसान
राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फैसले से जहां कुछ अधिकारियों को तरक्की और नई जिम्मेदारी मिली है, वहीं कई पुराने चेहरों को महत्वपूर्ण पदों से हटाया गया है। आने वाले दिनों में पंचायत चुनावों के चलते यह फेरबदल प्रशासनिक सुचारूता के लिहाज से अहम साबित हो सकते हैं।









