Honeymoon in Shillong movie: इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या पर उनके परिवारजनों ने एक फिल्म बनाने की अनुमति दे दी है। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब हनीमून ट्रिप पर मेघालय गए राजा की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी सोनम और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया था।
इस फिल्म का निर्देशन एसपी निम्बावत कर रहे हैं और इसका नाम ‘हनीमून इन शिलॉन्ग’ रखने की बात कही जा रही है।राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने कहा, ‘हमने इस हत्या कांड पर फिल्म बनाने की सहमति दी है। हमें लगता है कि अगर हम इस घटना को बड़े पर्दे पर नहीं लाएंगे, तो लोग यह कभी नहीं जान पाएंगे कि सही कौन था और गलत कौन?’
यह भी पढ़ें- राजा रघुवंशी के भाई का खुलासा, हत्या के बाद सोनम और उसके बॉयफ्रेंड ने चुपचाप किया ये काम!
वहीं उनके दूसरे भाई, विपिन ने कहा कि वो इस फिल्म के जरिए मेघालय की सही छवि को भी लोगों के सामने लाना चाहते हैं। निर्देशक एसपी निम्बावत ने कहा, ‘राजा रघुवंशी के साथ विवाह के बाद बहुत बड़ा विश्वासघात हुआ। हमारी फिल्म के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि इस तरह के धोखे की घटनाएं अब रुकनी चाहिए।’
उन्होंने यह भी बताया कि, ‘फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है, लेकिन फिलहाल कलाकारों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं। फिल्म की 80 प्रतिशत शूटिंग इंदौर में और बाकी 20 प्रतिशत मेघालय के विभिन्न इलाकों में की जाएगी।’
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी मई महीने में अपनी पत्नी सोनम के साथ मेघालय घूमने गए थे। कुछ दिनों बाद वो लापता हो गए और फिर 2 जून को उनकी क्षत-विक्षत लाश सोहरा (चेरापूंजी) के पास एक गहरे गड्ढे में मिली।
इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें उनकी पत्नी सोनम और उसका कथित प्रेमी राज कुशवाहा शामिल हैं।









